देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे पश्चिमी महाराष्ट्र, कोंकण तट, और गोवा के साथ ही कर्नाटक में भी भारी बारिश होगी। मुंबई के कई इलाकों में कल यानी मंगलवार 20 मई की रात को भी काफी बारिश हुई है।
मुंबई में आज भारी बारिश की चेतावनी
आज यानी बुधवार 21 मई को सुबह-सुबह भी मुंबई के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। ठाणे, कल्याण आदि इलाकों में सुबह-सुबह जमकर बारिश हुई।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मुंबई में आज पूरे दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। सके अलावा थंडरस्टॉर्म की भी चेतावनी दी गई है। मुंबई के आसमान में इस समय सुबह 11.30 बजे जब यह खबर लिखी गई है, तब भी काफी घने काले बादलों का साया है। जो दिन में झमाझम बारिश की चेतावनी दे रहे हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि मुंबई के कुछ इलाकों में मंगलवार रात भारी बारिश के साथ ही बिजली कड़कने और वज्रपात की भी खबरें हैं। IMD के अनुसार आज मुंबई और शहर के उपनगरीय इलाकों में दिनभर आसमान में बादलों का साया रहेगा।
पूरे पश्चिमी घाट में भारी बारिश के चेतावनी के बाद इंडिगो एयरलाइन्स ने ट्रैवेल एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि खराब मौसम और बारिश के कारण कुछ उड़ानों में देरी हो सकती है और उड़ाने बाधित हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।
