Navi Mumbai Airport: नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर तैयारियां तेज हैं। जल्द ही इस एयरपोर्ट की शुरुआत होने जा रही है। लेकिन ये कोई हाल फिलहाल शुरू हुई परियोजना नहीं है। एक निजी समाचार कंपनी के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवी मुंबई प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी साझा की। इस परियोजना की लेटलतीफी के लिए उन्होंने कॉन्ग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने बताया कि साल 1997 से ही नवी मुंबई एयरपोर्ट की चर्चा शुरू हो गई थी लेकिन कॉन्ग्रेस ने इसे नजरअंदाज किया।
17 साल तक अटकी रही नवी मुंबई एयरपोर्ट परियोजना के लिए प्रधानमंत्री ने दिया कॉन्ग्रेस को दोष (फाइल फोटो)
इसकी मंजूरी मिलने में 10 साल का समय लग गया। 2007 में इस परियोजना को मंजूर कर दिया गया था लेकिन इसपर फिर कोई काम नहीं किया गया। 2007 से 2014 तक भी इस परियोजना को लेकर कोई काम नहीं हुआ था।
चर्चा शुरू होने से लेकर कामर्शियल ऑपरेशन शुरू होने के बीच लगभग 28 साल का समय लग गया। प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा किया गया। अब वह दिन अब दूर नहीं, जब नवी मुंबई एयरपोर्ट से कामर्शियल फ्लाइट भी शुरू हो जाएंगी।
2014 के बाद नवीं मुंबई एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के काम को बहुत तेजी से आगे बढ़ाया गया। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) से लेकर भूमि अधिग्रहण के काम को रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। 2021 में एयरपोर्ट का शुरू हुआ काम लगभग चार साल में ही बनकर तैयार है, जल्द ही इसपर उड़ानें शुरू होंगी।
नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) और नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की तरफ से सारी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया गया है। मई के तीसरे सप्ताह से इसके शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। थोड़े ही दिनों बाद नवी मुंबई एयरपोर्ट से कामर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन भी शुरू हो जाएंगी।
