मुंबई

'उनका मेरा DNA एक जैसा...', कुणाल कामरा के समर्थन में उतरा समूचा विपक्ष, जानें किसने क्या कुछ कहा

Kunal Kamra Controversy: महाराष्ट्र के कई विपक्षी नेताओं ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कथित मजाक को लेकर उठे विवाद के बीच 'स्टैंड-अप कॉमेडियन' कुणाल कामरा के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि कुणाल कामरा किसी के सामने झुकेंगे नहीं। इस दौरान एनसीपी (SCP) विधायक रोहित पवार का रिएक्शन भी सामने आया।

Image

कुणाल कामरा विवाद (फोटो साभार: @kunalkamra88)

Photo : Twitter

Kunal Kamra Controversy: महाराष्ट्र के कई विपक्षी नेताओं ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कथित मजाक को लेकर उठे विवाद के बीच 'स्टैंड-अप कॉमेडियन' कुणाल कामरा के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि कुणाल कामरा किसी के सामने झुकेंगे नहीं।

संजय राउत ने कहा कि मैं कामरा को जानता हूं। उनका और मेरा डीएनए एक जैसा है। वह एक योद्धा हैं। वह माफी नहीं मांगेंगे। अगर आपको उनके खिलाफ कार्रवाई करनी है, तो आपको कानूनी कदम उठाने होंगे। कुणाल कामरा को उपमुख्यमंत्री को 'गद्दार' बताने पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने क्या कुछ कहा?

शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि कुणाल कामरा विवाद पर महायुति सरकार के रिएक्शन ने किसी भी तरह की आलोचना के प्रति सरकार की असहिष्णुता को उजागर किया। उन्होंने कहा कि यह विवाद इस बात का सबूत है कि सरकारें किसी भी तरह की आलोचना के प्रति कितनी असहिष्णु हैं। हमने केंद्र में देखा था और अब यह मॉडल राज्यों में भी लागू किया जा रहा है।

'कुणाल ने कुछ गलत नहीं किया'

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा कि स्टैंड अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने कुछ भी गलत नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कामरा ने केवल अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने तथ्य बताए और जनता की राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कामरा ने कुछ भी गलत नहीं किया है... इन गद्दारों को सोलापुरकर और कोरटकर दिखाई नहीं देते, जिन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया।

मुंबई पुलिस ने शिवसेना के पदाधिकारी राहुल कनाल और 11 अन्य को रविवार रात मुंबई के एक होटल में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस होटल में कामरा ने एक शो के दौरान शिंदे के खिलाफ कथित तौर पर विवादास्पद टिप्पणी की थी।

एनसीपी (SCP) के विधायक रोहित पवार भी कुणाल कामरा के समर्थन में खड़े नजर आए। उन्होंने कहा कि विचारधाराओं से परे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बरकरार रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास सत्ता में रहने और विपक्ष में रहने के अलग-अलग मापदंड हैं। एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए रोहित पवार ने कहा कि भाजपा के जिन नेताओं ने कंगना रनौत का बचाव किया था अब वे कुणाल कामरा की एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी से नाराज हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article