Joint Commissioner Mumbai Police: मुंबई पुलिस कमिश्नरेट में अब जॉइंट कमिश्नर (इंटेलिजेंस) का नया पद जोड़ा गया है। महाराष्ट्र सरकार ने यह फैसला देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर मंडराने वाले संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए लिया है। नया पद जोड़े जाने होने के बाद मुंबई पुलिस में जॉइंट कमिश्नर के अब 6 पद हो जाएंगे। मौजूदा स्पेशल पुलिस कमिश्नर पद के एडीजी रैंक को स्पेशल आईजी रैंक में तब्दील कर उसे जॉइंट कमिश्नर इंटेलिजेंस का कार्यभार सौंपा जाएगा। इस पद पर तैनात अधिकारी का मुख्य काम स्लीपर सेल्स और अन्य संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ खुफिया जानकारी जुटाना और कार्रवाई को अंजाम देना होगा।
(फाइल फोटो)
मुंबई पुलिस में खुफिया तंत्र को मजबूत करने और स्लीपर सेल जैसी संवेदनशील गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के उद्देश्य से एक संयुक्त आयुक्त की नियुक्ति की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि हाल ही में भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के बाद महाराष्ट्र सरकार ने यह निर्णय लिया है। अधिकारी ने गुरुवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि इस आदेश से पहले महानगर पुलिस में कानून-व्यवस्था, अपराध, प्रशासन, यातायात और आर्थिक अपराधों से नियंत्रण के लिए पांच संयुक्त आयुक्त थे।
अधिकारी ने बताया, ‘‘मुंबई में खुफिया जानकारी जुटाने का काम विशेष शाखा द्वारा किया जाता है, जिसका नेतृत्व एक अतिरिक्त आयुक्त (उप महानिरीक्षक स्तर) करते हैं, जो संयुक्त आयुक्त (कानून और व्यवस्था) को रिपोर्ट करते हैं। अब इस शाखा का नेतृत्व एक संयुक्त आयुक्त करेंगे, जो महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी होंगे।’’
(इनपुट - भाषा)
