पटना

पहले चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, फिर गैस पाइप मुंह में डालकर लगाई आग.. दिल दहला देगी हत्या की यह वारदात

Patna Murder: पटना में गुरुवार रात को एक युवती की चाकू से हत्या करने के बाद उसे जलाने की कोशिश की गई। आरोपी ने उसे जलाने के लिए गैस सिलेंडर का पाइप मुंह में डालकर आग लगाई थी। युवती का शव वीभत्स हालत में नौकरानी को मिला। मृतिका की सचिवालय में नौकरी लगी थी और वह एक प्रशिक्षु दारोगा की बहन थी। इस दिल दहलाने वाले हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैली हुई है। एफएसएल की टीम ने मौके से सबूत इकट्ठे कर लिए हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

Image

पटना में बेरहमी से हत्या

Patna Crime: पटना से गुरुवार रात को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां एसकेपुरी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी इलाके में एक युवती को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। युवती पर पहले चाकू से कई बार हमला किया गया। जिसके बाद उसके मुंह में गैस सिलेंडर का पाइप डालकर जलाने की कोशिश की गई। युवती का शव बिस्तर पर बरामद हुआ। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।

5 जून से थी नौकरी की ज्वाइनिंग

मृतका की पहचान 27 वर्षीय संजना कुमारी के तौर पर हुई है। वह मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी और प्रशिक्षु दारोगा सौरव सिंह की बहन थी। संजना पिछले 5-6 महीने से पटना में किराए पर अकेले रह रही थी। अपने तीन भाई-बहनों में वह सबसे बड़ी बहन थी। संजना कम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी और उसकी सचिवालय में नौकरी लग गई थी। 5 जून से उसकी ज्वाइनिंग होने वाली थी।

नौकरानी ने सबसे पहले देखा शव

संजना की आखिरी बार बात उसकी मां से सुबह करीब 10 बजे हुई थी। जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। जिससे परिवारवालों को लगा कि चार्ज न होने के कारण मोबाइल ऑफ हो गया होगा। जिस कारण उनका संजना से बाद में संपर्क नहीं हो पाया। मृतिका का शव बिस्तर पर वीभत्स हालत में उसकी नौकरानी को मिला। हैरानी की बात ये है कि कमरे में आग लगने के बावजूद किसी को भी इस बारे में भनक नहीं लगी। बताया जा रहा कि संजना के यहां काम करने वाली नौकरानी को कुछ शक होने पर वह कमरे में गई। उस समय कमरे की लाइट बंद थी, जैसे ही उसने लाइट ऑन की तो शव को देखकर उसकी चीख निकल गई। जिसे सुनकर मकान मालिक भी कमरे में पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गले पर मिले चाकू के कई निशान

पुलिस की टीम सूचना पाकर मौके पर पहुंची। साथ ही FSL की टीम भी मौके पर पहुंची। युवती के गले पर चाकू के वार के कई निशान मिले हैं। साथ ही बेड की चादर पर भी खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी व्यक्ति ने संजना के कमरे में आकर उसे बुरी तरह पीटा होगा। जिससे वह बेहोश हो गई। जिसके बाद आरोपी ने उसे जलाने की कोशिश की। आरोपी नेगैस का पाइप उसके मुंह में डालकर आग लगाई और मौके से फरार हो गया। जिस इलाके में यह घटना हुई है वह पॉश इलाका है। फिलहाल घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने सबूत इकट्ठे कर लिए हैं। शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने जब्त किया मृतिका का मोबाइल

इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतिका के परिवार के लोग मुजफ्फरपुर से पटना पहुंच गए हैं। पुलिस ने बताया कि बहन की हत्या की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु दरोगा सौरव भी वहां पहुंच गए। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने संजना का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हत्या की वजह अभी पता नहीं चली है। पुलिस की ओर से छानबीन की जा रही है। घटना का कारण क्या है इस पर पुलिस अभी कुछ भी बोलने से बच रही है। जल्द ही इस हत्या की गुत्थी के सुलझने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article