मुंबई

Mumbai: दही हांड़ी उत्सव के दौरान हादसा, 245 गोविंदा हुए घायल, 213 लोगों को मिली अस्पताल से छुट्टी

Mumbai Dahi Handi Utsav: मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान मंगलवार को मानव पिरामिड बनाने में शामिल 245 गोविंदा घायल हो गए। जिनमें से 213 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। 32 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Image

दही हांडी उत्सव (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Dahi Handi Utsav in Mumbai: मुंबई में एक दिन पहले ‘दही हांडी’ उत्सव के तहत मानव पिरामिड बनाने में शामिल कुल 245 ‘गोविंदा’ घायल हो गए। स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इन घायलों में से 32 विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 213 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उत्सव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में 11,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

जन्माष्टमी के तहत दही हांडी उत्सव में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में यह त्योहार पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के तहत दही हांडी के प्रतिभागी बहु-स्तरीय मानव पिरामिड बनाते हैं और हवा में लटकी दही हांडी को तोड़ते हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि उत्सव के दौरान घायल हुए 11 गोविंदा को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) द्वारा संचालित केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, राजावाडी और सायन अस्पताल में चार-चार तथा जे जे अस्पताल में एक गोविंदा को भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि अन्य घायल गोविंदाओं को दक्षिण मुंबई में सरकारी सेंट जॉर्ज अस्पताल, जोगेश्वरी में सरकारी ट्रॉमा केयर अस्पताल तथा अन्य चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया गया।

गुरु आनंद दिघे ने इस उत्सव को किया पुनर्जीवित

ठाणे शहर के टेंभी नाका में दही हांडी कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनके गुरु आनंद दिघे ने इस उत्सव को पुनर्जीवित किया, जिससे परंपराओं और सामुदायिक भावना को बल मिला है। शिंदे ने कहा कि उनके प्रशासन ने स्वतंत्र और सुरक्षित समारोहों की अनुमति देकर महा विकास आघाडी (एमवीए) शासन के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों को हटा दिया है। शिंदे ने आश्वासन दिया कि सरकार दही हांडी कार्यक्रमों की सुरक्षा और सफलता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक उपाय कर रही है। शिंदे ने आश्वासन दिया कि सरकार दही हांडी कार्यक्रमों की सुरक्षा और सफलता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है।

दही हांडी उत्सव महिला गोविंदा

महाराष्ट्र के कई हिस्सों और अन्य जगहों पर यौन उत्पीड़न के मामलों के मद्देनजर, कई गोविंदा समूहों ने मुंबई, ठाणे और अन्य स्थानों पर दही हांडी फोड़ते हुए बैनर और पोस्टर के माध्यम से सामाजिक संदेश भी प्रदर्शित किए। कई महिला गोविंदा समूह भी मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी तोड़ने की कोशिश करते नजर आए। इस उत्सव के कारण शहर के कई इलाकों में यातायात जाम की स्थिति भी बनी रही, क्योंकि प्रमुख चौराहों पर दही हांडी लटकाई गई थी। मुंबई और आस-पास के इलाकों में राजनेताओं द्वारा प्रायोजित दही हांडी में मशहूर हस्तियों की मौजूदगी और मनोरंजन कार्यक्रमों के कारण भीड़ उमड़ पड़ी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!