Jyoti Malhotra Case: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा की जांच जारी है। अब एजेंसियां उसकी मुंबई यात्रा को लेकर ज्यादा सक्रिय हो गई हैं। NIA और दूसरी एजेंसियों के साथ-साथ अब मुंबई पुलिस भी ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ करने वाली है। पूछताछ से ये जानकारी सामने आई है कि साल 2023 और 2024 में ज्योति ने मुंबई का दौरा किया था और हर बार उसने मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैवल व्लॉग शूट किए थे।
ज्योति के मुंबई यात्राओं की हो रही जांच
कई बार कर चुकी है मुंबई का दौरा
सूत्रों के मुताबिक, ज्योति 2024 में तीन बार और 2023 में एक बार मुंबई आई थी। इस दौरान उसने लालबाग के राजा के दर्शन किए थे और कई अहम जगहों की तस्वीरें ली और वीडियो भी बनाया था। अब मुंबई पुलिस उससे पूछताछ कर इस बात का पता लगाने की कोशिश करेगी कि ज्योति ने उन तस्वीरों और वीडियो का क्या हुआ और इसमें क्या कुछ संवेदनशील जानकारी थी।
डिलीट किए गए तस्वीरों की हुई रिकवरी
जानकारी के अनुसार, जुलाई 2024 में ज्योति एक लग्जरी बस के जरिए मुंबई पहुंची थी। इसके बाद अगस्त में वह अहमदाबाद से कर्णावती एक्सप्रेस से मुंबई आई, और सितंबर में पंजाब मेल से नई दिल्ली होते हुए मुंबई पहुंची। 2023 में, गणपति उत्सव के दौरान वह 'लालबाग के राजा' के दर्शन के लिए मुंबई आई थी और तब भी उसने एक ट्रैवल व्लॉग शूट किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति ने अपने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज से कई वीडियो और फोटो डिलीट कर दिए थे, जिन्हें अब जांच एजेंसियों ने रिकवर कर लिया है। मुंबई पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन वीडियो को किसे भेजा गया था, क्योंकि उन्हें शक है कि इसके जरिए संवेदनशील सूचनाएं लीक की गई होंगी। इस मामले में अब जांच तेज हो गई है।
क्या है मामला
हिसार पुलिस ने 16 मई को ज्योति मल्होत्रा को भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और सरकारी गोपनीय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला था कि वो लंबे समय से कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में थी और उसने उस दौरान कई तरह की जरूरी सूचनाएं उन्हें उपलब्ध भी कराई थी। एजेंसियां इस मामले में लगातार जांच कर रही हैं। आपको बता दें कि अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है जो ये साबित करे कि ज्योति किसी आतंकवादी संगठनों से संपर्क में थी। मामले की जांच जारी है, इस मामले में हिसार पुलिस ने भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है।
