Mumbai Police DCP Accident: मुंबई पुलिस के पोर्ट जोन के DCP सुधाकर पठारे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे हैदराबाद में ट्रेनिंग के लिए गए थे। शनिवार को एक रिश्तेदार के साथ वे ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान कार एक्सीडेंट में उनकी मौत हो गई। इस हादसे में उनके रिश्तेदार की भी मौत हो गई। डीसीपी सुधाकर पठारे की मौत की जानकारी मुंबई पुलिस को भी दे दी गई है।
ट्रक से टकराई डीसीपी की कार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डीसीपी सुधाकर पठारे कार से तेलंगाना के श्रीशैलम से नगरकुरलुन जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके एक रिश्तेदार भागवत खोडके की भी मौत हो गई।
2011 बैच के आईपीएस अधिकारी थे सुधाकर पठारे
सुधाकर पठारे 2011 बैच के IPS अधिकारी थे। वे मूल रूप से अहमदनगर जिले के वलवाने के रहने वाले थे। उन्होंने MSC और LLB किया था। सुधाकर पठारे IPS बनने से पहले कई सरकारी विभागों में भी अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके थे। साल 1998 में उन्हें पुलिस उपाधीक्षक के तौर पर चुना गया, जिसके बाद वे पुलिस विभाग में शामिल हुए।
