BMW Hit and Run Case Update: मुंबई के वर्ली इलाके में मिहिर शाह द्वारा चलाई जा रही BMW कार ने 7 जुलाई की सुबह दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली इलाके में एक दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 45 साल की महिला जिसका नाम कावेरी नखवा था उनकी मौत हो गई, जो पीछे बैठी थी। मुंबई की एक अदालत ने बुधवार को BMW हिट-एंड-रन मामले में आरोपी और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के नेता के बेटे मिहिर शाह को 16 जुलाई तक सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया मिहिर शाह को मुंबई पुलिस ने 9 जुलाई को करीब 72 घंटे की राज्यव्यापी तलाशी के बाद गिरफ्तार किया था।
सुनवाई के दौरान, मुंबई पुलिस ने मुख्य महानगर दंडाधिकारी (सिवरी कोर्ट) एस पी भोसले से कहा कि यह एक 'क्रूर, हृदयहीन अपराध' था। उन्होंने कहा कि आरोपी को अधिकतम हिरासत में रखा जाना चाहिए क्योंकि उन्हें यह जांच करने की जरूरत है कि उसे भागने में किसने मदद की और साथ ही कार की नंबर प्लेट अभी तक बरामद नहीं हुई है।
पुलिस ने यह भी कहा कि उन्हें यह पता लगाना है कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं और कार की नंबर प्लेट का क्या हुआ, जिसे कथित तौर पर दुर्घटना के बाद मिहिर ने फेंक दिया था।इस बीच, मिहिर के वकील ने अदालत को बताया कि पुलिस ने मिहिर और ड्राइवर दोनों से पूछताछ की है। उनके फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
'पुलिस के पास मिहिर की हिरासत मांगने का कोई आधार नहीं'
वकील ने दावा किया कि पुलिस के पास मिहिर की हिरासत मांगने का कोई आधार नहीं है, जिसे अदालत ने अस्वीकार कर दिया। 24 वर्षीय मिहिर, जो रविवार की सुबह दुर्घटना के बाद से पुलिस से बचने में कामयाब रहा था, को आखिरकार 9 जुलाई को मुंबई के पास विरार से गिरफ्तार किया गया।
मिहिर अपनी कार और ड्राइवर को छोड़कर ऑटो रिक्शा में भाग गया
मिहिर शाह द्वारा चलाई जा रही BMW कार ने 7 जुलाई की सुबह दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली इलाके में कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके परिणामस्वरूप 45 साल की कावेरी नखवा की मौत हो गई, जो पीछे बैठी थी, जबकि उसका पति प्रदीप घायल हो गया।पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद मिहिर अपनी कार और ड्राइवर को छोड़कर कला नगर इलाके से ऑटो रिक्शा में भाग गया और उपनगरीय गोरेगांव में अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया।
