Maharashtra Police Transfers: महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को 260 से अधिक पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया। जिनमें मुंबई के 150 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है। प्रदेश की सभी 288 सीटों पर एक चरण में ही वोटिंग होगी। जिसके बाद 23 नवंबर को मतगणना की जाएगी।
मुंबई के 150 पुलिसवालों का हुआ तबादला
एक अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उन अधिकारियों का तबादला करने का निर्देश दिया था, जो तीन वर्ष से अधिक समय से अपने गृह जिलों में सेवारत या वर्तमान पदस्थापन पर हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ निरीक्षकों सहित मुंबई के लगभग 150 पुलिस अधिकारियों को गडचिरोली, गोंदिया, भंडारा, नागपुर और वाशिम सहित विभिन्न जिलों में स्थानांतरित कर दिया गया।
इन जगहों के पुलिस अधिकारियों का भी तबादला
अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई और मीरा भयंदर, वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के कुछ अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों को मुंबई में तैनात किया गया है। राज्य की 288 विधानसभा सीट में से 36 निर्वाचन क्षेत्र मुंबई में हैं। निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारियों के तबादले के उसके आदेशों को पूरी तरह लागू करने में विफल रहने को लेकर पिछले महीने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और राज्य के पुलिस प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा था।
(इनपुट - भाषा)
