मुंबई

Mumbai Hotel Fire: कुर्ला इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग, दूर से दिखी ऊंची लपटें, कोई हताहत नहीं

Mumbai Hotel Fire: मुंबई के एक होटल में आग लगने की घटना सामने आई है। सूचना पाकर दमकल की 5 गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची। इस हादसे में होटल का एक बड़ा जलकर खाक हो गया है। हालांकि किसी जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।

Image

होटल में लगी आग

Mumbai Hotel Fire: मुंबई के कुर्ला इलाके में एक होटल में भीषण आग लग गई। जिससे लोगों के बीच हडकंप मच गया। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। आग इतनी भयंकर थी कि दूर से ही ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दे रही थी। जिसे देख आसपास के लोग भी घबरा गए। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि आग में होटल को काफी नुकसान पहुंचा है।

दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची

बीएमसी के अनुसार, कुर्ला पश्चिम में रंगून जायका होटल में आग लगी। जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुंबई फायर ब्रिगेड को रात 9:08 बजे आग लगने की सूचना दी गई। जिसके बाद पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। अग्निशमन विभाग के अलावा एम्बुलेंस, चिकित्सा, पुलिस और बिजली आपूर्ति कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। इस हादसे में किसी के आग में झुलसने की सूचना नहीं है।

मुंबई में हुई आग की घटनाएं

बता दें कि पिछले साल 24 दिसंबर को रात में मुंबई के बांद्रा के पश्चिम इलाके में स्थित फॉर्च्यून एनक्लेव नाम की रेजिडेंशियल बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर आग लग गई थी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया था। हालांकि, इस घटना में किसी की मौत की खबर सामने नहीं आई थी। वहीं, 25 दिसंबर को सुबह मुंबई से सटे रायगढ़ जिले के खोपोली हाईवे पर एक बड़ा हादसा हो गया था। हादसा इतना भीषण था कि अल्कोहल के रिसाव से आग 200 मीटर से ज्यादा दूरी तक फैल गई थी। एहतियात के तौर पर इलाके में यातायात रोक दिया गया था और बिजली आपूर्ति काट दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि खोपोली शिल्पटा में टैंकर पलट गया। टैंकर में लगी आग से सड़क के किनारे की घास में आग लग गई और फैलने लगी थी। गौरतलब है कि इससे पहले 16 अक्टूबर को मुंबई के अंधेरी पश्चिम में लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई थी। इस घटना में बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article