Solapur Fire Incident: रविवार के तड़के महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक कपड़ा कारखाने में भीषण आग लग गई। इस घटना में आठ लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी कि मृतकों में कारखाने के मालिक और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की भी मौत हुई है।
8 लोगों की मौत
यह घटना सोलापुर MIDC के अक्कलकोट रोड पर स्थित सेंट्रल टेक्सटाइल मिल्स में तड़के 3:45 बजे हुई। माना जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है। फैक्ट्री के मालिक समेत आठ लोग इस अग्निकांड की बलि चढ़ गए। मृतकों में फैक्टरी मालिक हाजी उस्मान हसनभाई मंसूरी, उनके डेढ़ वर्षीय पोते सहित परिवार के तीन सदस्य और चार मजदूर शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
सरकार ने की मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना के मृतकों और घायलों के लिए सहायता राशि की भी घोषणा की है। PMO ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा कि "महाराष्ट्र के सोलापुर में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।"
दमकल कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
कारखाने के मालिक उस्मान मंसूरी, उनका परिवार और कुछ मजदूर कारखाने में काम करने के साथ-साथ वहीं रहते थे। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में तौलिए और कुछ और सामग्री बनाने का काम होता था। तड़के सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को इस भीषण आग पर काबू पाने में पांच से छह घंटे का वक्त लग गया। इससे आग की गंभीरता को आंका जा सकता है।
हैदराबाद में भी लगी थी आग
रविवार को ही हैदराबाद से भीषण आग की खबर आई थी। इस हादसे में 17 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस अग्निकांड का कारण भी शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हैदराबाद की दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने संवेदना व्यक्त की है। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान कर दिया गया है।
(इनपुट-भाषा)
