Palghar: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वहां एक अवसाद ग्रस्त शख्स ने अपने 15 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इस घटना की जानकारी गुरुवार को दी।
अवसाद में था शख्स
पालघर जिले के जव्हार तालुका के पिंपलशेत गांव में बुधवार के दिन ये घटना हुई। पुलिस उप-निरीक्षक अनिल दिघोले ने बताया कि बुधवार को 40 वर्षीय शरद भोये नाम के शख्स ने अपने 15 साल के बेटे को मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस से मुताबिक शरद बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (बेस्ट) में परिचालक के पद पर कार्यरत था। तीन महीने पहले उसे निलंबित कर दिया गया था, जिस कारण वह अवसाद में था।
हत्या के बाद की खुदकुशी
प्राथमिक जांच के अनुसार, शरद ने बुधवार दोपहर को स्कूल से लौटे अपने 15 वर्षीय बेटे भावेश का गला घोंट दिया और उसके शरीर को जमीन पर पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद शरद ने घर के एक दूसरे कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
भोये के पिता ने जैसे ही दोनों के शव देखा और तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
(इनपुट-भाषा)
