मुंबई: मुंबई के एक कारोबारी ने बुधवार (17 सितंबर) को लगभग 1 बजे बांद्रा-वर्ली समुद्री लिंक से कूदकर अपनी जान दे दी। रिपोर्ट के मुताबिक जब वह कैब में घर लौट रहा था अचानक उसने ड्राइवर से कार रोकने के लिए कहा। इस दौरान वह चिल्ला रहा था कि उसे सांप ने काट लिया है। इसी घबराहत के बीच वह कैब से बाहर भागा और समुद्री लिंक से नीचे कूद गया और इस तरह शख्स की दुखद मौत हो गई।
प्रतीकाात्मक तस्वीर (PHOTO -PTI)
47 वर्षीय अमित चोपड़ा अंधेरी (पश्चिम) के निवासी थे। उनका शव बाद में जुहू समुद्र तट पर सांताक्रूज पुलिस क्षेत्र में बरामद किया गया। बांद्रा पुलिस के मुताबिक चोपड़ा ने यह कदम क्यों उठाया, इस पर अभी तक कुछ भी साफ नहीं है। गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे मछुआरों को उनका शव मिला और और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इस घटना के बाद अमित चोपड़ा का परिवार सदमे में हैं।
नहीं मिला कोई खुदकुशी का नोट
बांद्रा पुलिस अधिकारी के मुताबिक आत्महत्या का कोई नोट नहीं मिला है। उन्होंने मंगलवार रात 9 बजे अपने अंधेरी निवास से कैब बुक की और समुद्री लिंक पर पहुंचते ही जोर जोर से चिल्लाने लगे कि उन्हें सांप ने काट लिया है। कैब ड्राइवर ने डरकर गाड़ी रोक दी। अमित चोपड़ा गाड़ी से निकलकर समुद्र में कूद गए।
कैब ड्राइवर ने पुलिस को फोन कर दी जानकारी
पुलिस के मुताबिक कैब ड्राइवर ने पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। चोपड़ा ने कैब में अपना स्लिंग बैग और मोबाइल फोन छोड़ दिया था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। बैग में कुछ दस्तावेज और उनका पहचान पत्र था जिससे पुलिस को उनके परिवार से संपर्क करने में मदद मिली। पुलिस ने कहा कि फोन को फोरेंसिक प्रयोगशाला में भेजा जाएगा ताकि मामले की जांच के लिए सुराग मिले।
चोपड़ा के परिवार ने क्या कहा
अमित चोपड़ा की पत्नी ने अपने बयान में कहा है कि वह रात को घर से निकलते थे और कुछ समय बाद लौटते थे। हालांकि, इस बार वह वापस नहीं आए और उनका फोन बंद था। जब वह नहीं लौटे तो उन्होंने लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चोपड़ा के पीछे उनकी पत्नी और दो बेटियाँ हैं। परिवार के बयान के हवाले से पुलिस ने कहा है कि उनके पास कोई कर्ज नहीं था और उन्हें नहीं पता था कि अमित चोपड़ा अवसाद से पीड़ित थे।
