मुंबई के ED दफ्तर में लगी भीषण आग
Mumbai ED Office Fire: रविवार को सुबह देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से आग लगने की घटना सामने आई है। आज तड़के दक्षिण मुंबई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर में भीषण आग लग गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया और कहा कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके में स्थित ED दफ्तर में भीषण आग लग गई। जिसकी सूचना रविवार के तड़के 2:31 बजे दमकल विभाग को मिली। दमकल विभाग अधिकारियों ने बताया कि रात करीब 2:31 बजे फायर ब्रिगेड को कैसर-ए-हिंद इमारत में आग लगने की सूचना मिली। करीमभॉय रोड पर ग्रैंड होटल के पास स्थित इस बहुमंजिला इमारत में प्रवर्तन निदेशालय (ED) का दफ्तर है।
फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम ने पुष्टि की कि सुबह करीब 3:30 बजे आग को लेवल-2 में अपग्रेड किया गया, जिसे आम तौर पर भीषण आग माना जाता है। धुआं ज्यादा होने की वजह से इस आग के लेवल-3 पर अपग्रेड कर दिया गया। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मुंबई फायर ब्रिगेड के मुख्य अग्निशमन अधिकारी रवींद्र अंबुलगेकर ने बताया कि आग से फर्नीचर, कंप्यूटर और कई दस्तावेज नष्ट हो गए हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के एक अधिकारी ने बताया कि आग इस पांच मंजिला इमारत की चौथी मंजिल तक ही सीमित रही। अधिकारी ने ये भी बताया कि आठ दमकल गाड़ियां, छह जंबो टैंकर, एक एरियल वॉटर टावर टेंडर, एक ब्रीदिंग ऐपरेटस वैन, एक बचाव वाहन, एक क्विक रिस्पॉन्स वैन और एक एम्बुलेंस को मौके पर तैनात किया गया था। आग बुझाने का काम 10 घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। अधिकारी के मुताबिक अभी आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है।