Thane Crime News: महाराष्ट्र में ठाणे जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां कल्याण की 17 वर्षीय लड़की के साथ पिछले पांच महीनों में सात लोगों द्वारा कथित तौर पर बलात्कार किया गया, जिनमें से एक ने सोशल मीडिया पर उससे दोस्ती की थी। जिसके बाद उसे ब्लैकमेल कर आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सांकेतिक फोटो (PTI)
आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश
अधिकारियों ने बताया कि सातों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कल्याण जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह अपराध तब उजागर हुआ जब पीड़िता के परिवार वालों को उसका आपत्तिजनक वीडियो ऑनलाइन प्रसारित होता दिखाई दिया।
मेडिकल रिपोर्ट में गर्भवती थी पीड़िता
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, पीड़िता एक कॉलेज छात्रा है और इस साल अप्रैल में पहली बार सोशल मीडिया पर एक आरोपी से मिली थी। महात्मा फुले पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी उसकी सहमति के बिना उनके यौन संबंधों का वीडियो बनाता था। फिर उसने ये आपत्तिजनक वीडियो अपने छह दोस्तों के साथ साझा कर दिए। उन्होंने बताया कि सभी ने लड़की को यौन संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल किया और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी भी दी। पीड़िता की मेडिकल जांच में पता चला कि वह गर्भवती थी। आरोपियों पर अब बाल यौन शोषण संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
