नवी मुंबई एयरपोर्ट से कई शहरों से होगा जुड़ाव, इंडिगो और अकासा एयर इस दिन से शुरू करेंगी उड़ान

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भारतीय एयरलाइन कंपनी इंडिगो और अकासा एयर ने घरेलू उड़ानों का विस्तार करने की घोषणा की है। इस विस्तार में इंडिगो 10 शहरों को जोड़ेगी और अकासा 4 शहरों के जोड़ोगी। क्रिसमस के दिन यानी 25 दिसंबर से उड़ानों की शुरुआत होगी।

भारतीय एयरलाइन कंपनी इंडिगो और अकासा एयर ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों को विस्तार देने की घोषणा की है। इंडिगो एयरलाइन देश के 10 शहरों को जोड़ेगी, जबकि अकासा एयर ने चार भारतीय शहरों के लिए उड़ान का फैसला लिया है। इंडिगो 25 दिसंबर से एनएमआईए से उड़ानें शुरू करेगी। एयरलाइन दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, नॉर्थ गोवा (मोपाह), जयपुर, नागपुर, कोचीन और मैंगलोर समेत 10 शहरों को सीधे जोड़ेगी। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि एयरलाइन की योजना एनएमआईए में अपने परिचालन का विस्तार करने की है। आने वाले समय में और अधिक शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी।

Navi Mumbai Airport

नवी मुंबई एयरपोर्ट से इंडिगो और अकासा एयर का विस्तार (Photo - Canva)

एनएमआईए से उड़ान भरने वाले एयरलाइंस में शामिल अकासा एयर

न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, अकासा एयर भी एनएमआईए से सबसे पहले उड़ानें शुरू करने वाली एयरलाइंस में शामिल हो गई है। चार भारतीय शहरों से सीधे जुड़ते हुए अकासा एयर 25 दिसंबर को दिल्ली और नवी मुंबई के बीच अपनी पहली उड़ान संचालित करेगी। इसके बाद नवी मुंबई को गोवा, दिल्ली और कोच्चि (26 दिसंबर से प्रभावी) और अहमदाबाद (31 दिसंबर से प्रभावी) से जोड़ने वाली नियमित उड़ानें शुरू होंगी। एयरलाइन ने जानकारी दी कि उड़ानों की बुकिंग अकासा एयर की वेबसाइट, एंड्रॉइड और आईओएस ऐप और कई प्रमुख ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू हो गई है।

End of Feed