मुंबई

देश के सबसे अमीर मंदिरों में शामिल इस मंदिर ने पिछले साल की 133 करोड़ की कमाई

मुंबई में मौजूद श्री सिद्धिविनायक मंदिर देश के सबसे अमीर मंदिरों में से एक है। यहां पर श्रद्धालु दिल खोलकर दान करते हैं, जिसमें सोना-चांदी भी काफी मात्रा में होता है। पिछले वित्तीय वर्ष में सिद्धिविनायक मंदिर ने 133 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि इस साल के लिए 154 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है।

Image

सिद्धिविनायक मंदिर की फाइल फोटो

Photo : Twitter

देश के सबसे अमीर मंदिरों की बात होती है तो देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मौजूद श्री सिद्धिविनायक मंदिर का नाम भी उस लिस्ट में जरूर शामिल होता है। हो भी क्यों ना! मुंबई के लोगों की गणपति में आस्था है ही ऐसी। मुंबई में हर साल गणपति उत्सव भी बड़ी ही धूम-धाम से मनाया जाता है। मुंबई जैसा गणेशोत्सव देश में कहीं भी नहीं होता। पिछले साल श्री सिद्धिविनायक मंदिर की कमाई 133 करोड़ रुपये हुई।

मुंबई के श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर की आमदनी में पिछले साल यानी वित्तीय वर्ष (2024-25) में 16 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बढ़ोतरी के साथ मंदिर ने साल 2024-25 में कुल 133 करोड़ रुपये की कमाई की।

गुड़ी पड़वा पर बंपर कमाई

गुड़ी पड़वा भी महाराष्ट्र का बड़ा त्योहार है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर को दान में मिले सोने-चांदी की नीलामी भी की जाती है। इस साल गुड़ी पड़वा के अवसर पर मंदिर ने सोने-चांदी की नीलामी करके 1.33 करोड़ रुपये की कमाई की। जबकि पिछले साल गुड़ी पड़वा के अवसर पर नीलामी से हुई कमाई मात्र 75 लाख रुपये थी।

लड्डू और नारियल वड़ी की बिक्री बढ़ी

श्री सिद्धिविनायक मंदिर में लड्डू और नारियल वड़ी की बिक्री भी जमकर होती है। इस साल इसकी बिक्री में 32 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। मंदिर ट्रस्ट ने इस वित्तीय वर्ष यानी साल 2025-26 में 154 करोड़ रुपये की कमाई का लक्ष्य रखा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article