मुंबई

IIT बंबई का छात्र हुआ डिजिटल अरेस्ट का शिकार, ठग के झांसे में आकर 7 लाख रुपये गंवाए

मुंबई स्थित आईआईटी-बंबई के एक छात्र के साथ हुई साइबर ठगी हुई है। ठगों ने छात्र को डिजिटल अरेस्ट होने का झांसा देकर 7.29 लाख रुपये की भारी रकम ठग ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है-

Image

IIT बंबई का छात्र हुआ डिजिटल अरेस्ट का शिकार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Mumbai: महाराष्ट्र के मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्था (आईआईटी-बंबई) के एक छात्र को साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का झांसा देकर उससे 7.29 लाख रुपये ठग लिए। अधिकारियों ने बताया कि एक जालसाज ने खुद को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का कर्मचारी बताकर उसे 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर धमकाकर पैसे देने के लिए मजबूर किया।

‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर धोखाधड़ी का एक नया रूप

‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर धोखाधड़ी का एक नया और बढ़ता हुआ रूप है जिसमें जालसाज खुद को कानून प्रवर्तन अधिकारी या सरकारी एजेंसियों के कर्मचारी बताते हैं और ऑडियो/वीडियो कॉल के जरिए पीड़ितों को डराते हैं। वे पीड़ितों पर पैसे देने के लिए दबाव डालते हैं।

अवैध गतिविधियों की 17 शिकायतें दर्ज

मुंबई के पवई थाने के एक अधिकारी ने बताया, “25 वर्षीय पीड़ित को इस साल जुलाई में एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ट्राई का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके मोबाइल नंबर पर अवैध गतिविधियों की 17 शिकायतें दर्ज हैं।”

उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके नंबर को निष्क्रिय होने से बचाने के लिए पीड़ित को पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना होगा और उसने पीड़ित से कहा कि वह कॉल को साइबर अपराध शाखा को स्थानांतरित कर रहा है।

यूपीआई के जरिए ऐंठे 29,500 रुपये

उन्होंने बताया, “इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल में एक व्यक्ति पुलिस अधिकारी की वर्दी में दिखा। उसने पीड़ित का आधार नंबर मांगा और आरोप लगाया कि वह धनशोधन में शामिल है। उसने छात्र को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिए 29,500 रुपये स्थानांतरित करने के लिए मजबूर किया।”

पीड़ित को डरा-धमका कर 7 लाख वसूले

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को धमकाया और दावा किया कि उसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ के तहत रखा गया है तथा किसी से भी संपर्क करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद पीड़ित को डरा-धमका कर कुल सात लाख रुपये वसूले गए।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article