महाराष्ट्र में जीबीएस वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। यहां GBS वायरस के कारण हुई तीसरी मौत दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड में रहने वाले 36 वर्षीय पिंपले गुरव की मौत जीबीएस वायरस के कारण हुई। मृतक एक उबर कैब ड्राइवर था और इलाज के लिए 29 जनवरी को अस्पताल में भर्ती हुआ था। लेकिन अब वायरस के कारण उसकी मौत की खबर सामने आई है। पिंपरी चिंचवड़ महानगरपालिका ने मौत की पुष्टि की है।
जीबीएस से महाराष्ट्र में एक और व्यक्ति की मौत
सोलापुर के बाद पुणे में जीबीएस ने पसारे पैर
पिंपरी चिंचवड इलाके से पहले महाराष्ट्र के सोलापुर और पुणे में जीबीएस से दो लोगों की मौत हुई है। जीबीएस से मरने वाले लोगों की कुल संख्या अब 3 हो गई है। लेकिन बता दें कि हेल्थ डिपार्टमेंट ने इससे संबंधित 127 संदिग्ध मरीजों की पहचान की है, जिसमें से 72 लोगों में जीबीएस की पुष्टि की गई है। जानकारी के अनुसार, इसमें से 9 मरीज पुणे जिले के बाहर से हैं। बताया जा रहा है कि अभी 20 मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
क्या है GBS?
जीबीएस का पूरा नाम गुइलेन-बैर सिंड्रोम है। यह एक दुर्लभ विकार है। इसमें शरीर के हिस्से अचानक सुन्न पड़ जाते हैं और मांसपेशियों में कमजोरी आने लगती है। इसमें मुख्य तौर पर हाथ-पैरों में गंभीर रूप से कमजोरी महसूस होती है। इस सिंड्रोम को लेकर डॉक्टरों को मानना है कि आमतौर पर जीवाणु और वायरल संक्रमण के कारण होता है। इसमें सांस लेने में परेशानी होती है और शरीर के कई हिस्से सुन्न पड़ जाते हैं।
