Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने जाली नोटों के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य की जाली भारतीय मुद्रा जब्त की गई हैं। पुलिस ने बताया कि भिवंडी शहर में नकली नोट छापे जा रहे थे। जहां छापेमारी कर पुलिस ने जाली नोट बरामद किए। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमरसिंह जाधव ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि भिवंडी शहर में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कार्यालय में नकली नोट छापे जा रहे थे। भिवंडी पुलिस की अपराध शाखा ने एक गुप्त सूचना के आधार पर तीन मई को अवचितपाड़ा में छापेमारी कर सूरज तानाजी शेंडे, भरत वल्कु सासे और स्वप्निल जगदीश पाटिल के पास से 30 लाख रुपये मूल्य के 500-500 रुपये के नकली नोट जब्त किए।
लैपटॉप-प्रिंटर समेत ये चीजें बरामद
डीसीपी ने बताया कि दो दिन बाद रामदास शालिक दलवी, विजय कारनेकर उर्फ विक्की और शेखर रामदास बट्टिन को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके पास से 15,50,000 रुपये के जाली नोट जब्त किए गए। पुलिस ने सावदनाका स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कार्यालय पर भी छापा मारा, जहां नोट छापे जा रहे थे। पुलिस ने कंपनी से लैपटॉप, प्रिंटर, कटर और बांड पेपर के अलावा अन्य सामग्री भी जब्त की। जाधव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
