देश

जान की परवाह किए बगैर आतंकियों से सीधे भिड़ गए आदिल शाह, बंदूक छीनने की कोशिश में गंवाई जान

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जब निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की। इस दौरान एक स्थानीय शख्श जान की परवाह किए बगैर आतंकवादियों से सीधे भिड़ गया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकी हमले में मारे गए सैयद आदिल हुसैन शाह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

Image

पहलगाम में आतंकी हमला

Photo : AP

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जब निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की। इस दौरान एक स्थानीय शख्श जान की परवाह किए बगैर आतंकवादियों से सीधे भिड़ गया और दो-दो हाथ किया। दरअसल, हम जिस शख्श की बात कर रहे हैं वह खतरनाक बैसरन घाटी में टट्टू की सवारी का काम करते थे और पर्यटकों को बैसरन घाटी की खूबसूरती से रूबरू कराते थे।

आतंकियों से भिड़ने वाला जांबाज़

आतंकियों को सीधे चुनौती देने वाला सैयद आदिल हुसैन शाह स्थानीय नागरिक था, लेकिन वह आतंकवादियों की बंदूक छीनने की कोशिश में मारा गया। नाम पूछकर गोली चलाने वाले आतंकियों ने आदिल शाह को भी नहीं बख्शा और उन्होंने आदिल शाह पर गोलियां दाग दीं।

Adil Hussain Shah Family

सैयद आदिल हुसैन शाह को अंतिम श्रद्धांजलि देता परिवार

CM अब्दुल्ला ने जताया दुख

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकी हमले में मारे गए सैयद आदिल हुसैन शाह को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में आतंकी हमले की निंदा की और पीड़ित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने सुना है उसने (आदिल) हमले को रोकने की कोशिश की और शायद बंदूक छीनने की भी कोशिश की।

'आदिल शाह के परिवार संग खड़ी है सरकार'

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे मेहमान छुट्टियां मनाने के लिए आए थे। दुर्भाग्य से उन्हें ताबूतों में वापस घर भेजा गया... जैसा मैंने सुना है कि उसने (आदिल) हमले को रोकने की कोशिश की और शायद बंदूक छीनने की भी कोशिश की और तभी उसे निशाना बनाया गया। हमें इस परिवार का ख्याल रखना है, हमें उनकी मदद करनी है और मैं उन्हें यह आश्वासन देने के लिए यहां हूं कि सरकार उनके साथ खड़ी है और हम उनके लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे।

CM Omar Abdullah

उमर अब्दुल्ला ने आदिल शाह को दी अंतिम श्रद्धांजलि

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

सैयद आदिल हुसैन शाह के पिता ने बताया कि मेरा बेटा काम करने के लिए पहलगाम गया था। हमें करीब 3 बजे हमले के बारे में पता चला तो हमने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था। हालांकि, 4:40 बजे उसका फोन चालू हुआ, पर कोई जवाब नहीं दे रहा था। हम पुलिस स्टेशन गए तब हमें पता चला कि वह हमले में घायल हो गया था।

रो-रोकर मां का बुरा हाल

आदिल शाह की मां का रो-रोकर हाल बुरा है। भावुक मां ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि आदिल परिवार में कमाने वाला एकमात्र व्यक्ति था। अब हमें देखने वाला कोई नहीं है। दरअसल, आदिल शाह पर्यटकों को टट्टू में बिठाकर घाटी की सैर कराता था और मां-बाप का सहारा था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article