Kutch Express Molestation Case: बांद्रा रेलवे पुलिस ने मुंबई से गुजरात जा रही कच्छ एक्सप्रेस में एक महिला यात्री के साथ हुई छेड़छाड़ को लेकर एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। मामला 25 जनवरी की शाम का बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 29 वर्षीय आरोपी हरिओम विश्राम मीना राजस्थान का रहने वाला है और वह एसी कोच में अटेंडेंट के तौर पर तैनात था।
कोच अटेंडेंट गिरफ्तार
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के बांद्रा टर्मिनस से रवाना होते ही आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बकौल बांद्रा पुलिस, जब 25 जनवरी की शाम 6 बजे कच्छ एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस से भुज (गुजरात) के लिए रवाना हुई, उसके कुछ देर बाद आरोपी ने महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ की और कथिततौर पर गंदी हरकत की। उस वक्त महिला यात्री कोच के गेट के पास खड़ी थी। घटना से स्तब्ध महिला ने तुरंत ही अपने पिता को फोन किया और उन्हें उत्पीड़न की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही थाने पहुंचे पिता
महिला यात्री के पिता बोरीवली स्टेशन पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रेन स्टेशन से निकल चुकी थी। इसके बाद पिता किराये की एक गाड़ी से गुजरात के गांधीधाम पहुंचे, जहां पर ट्रेन रुकने वाली थी। गांधीधाम पहुंचकर उन्होंने स्थानीय पुलिस से घटना की शिकायत की। दरअसल, मामला बांद्रा रेलवे पुलिस के अधिकार क्षेत्र का था, इस वजह से गांधीधाम पुलिस ने जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज की और बाद में आगे की कार्रवाई के लिए मामले को मुंबई स्थानांतरित कर दिया।
