Mumbai Chhedanagar Flyover: मुंबई के लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। छेड़ानगर फ्लाईओवर जल्द ही खुलने वाला है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) अक्टूबर तक नए फ्लाईओवर के दक्षिण-उत्तर कैरिज्वे को खोलने की तैयारी कर रहा है। जिससे ट्रैफिक जाम को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। इसके खुलने से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर छेड़ानगर जंक्शन का रोजाना इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को फायदा होगा।
680 मीटर लंबा है फ्लाईओवर
दक्षिण से उत्तर की ओर जाने वाला यह फ्लाईओवर 680 मीटर लंबा है। अक्टूबर महीने में यह फ्लाईओवर खुलने वाला है। इससे अमर महल से विक्रोली तक ट्रैफिक की आवाजाही में सुधार होगा। एमएमआरडीए अधिकारियों ने बताया है कि फ्लाईओवर का 95% से अधिक काम पूरा हो चुका है। महानगर आयुक्त संजय मुखर्जी ने कहा, "सतह पर डामर बिछाने के लिए हम लंबे समय से सूखे का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है कि अक्टूबर तक काम पूरा हो जाएगा।"
छेड़ानगर जंक्शन सुधार परियोजना का हिस्सा
छेड़ानगर फ्लाईओवर छेड़ानगर जंक्शन सुधार परियोजना का हिस्सा है जिसे 2017 में शुरू किया गया था। इससे पहले मार्च 2022 में उत्तर-दक्षिण छेड़ानगर फ्लाईओवर को अमर महल फ्लाईओवर से जोड़ने वाली एक एलिवेटेड सड़क मार्च को खोला गया था। वहीं घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड (GMLR) पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से छेड़ानगर जंक्शन को पार करके ठाणे-बाउंड लेन तक जाने वाले फ्लाईओवर को अप्रैल 2023 में खोला गया था।
20-30 मिनट तक जाम में फंसी रहते हैं वाहन
अक्सर घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर जाम की समस्या देखनो को मिलती है। इस कारण खासतौर पर ठाणे की ओर जाने वाले वाहन 20-30 मिनट तक यहीं फंसे रहते हैं। जिसकी वजह से छेड़ानगर जंक्शन लंबे समय से एक महत्वपूर्ण बाधा रहा है। छेड़ानगर जंक्शन से रोजाना औसतन 60 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। छेड़ानगर फ्लाईओवर के खुलने से इन लोगों को लंबे जाम में फंसने से राहत मिलेगी।
