पटना

Bharat Band: बिहार में आज क्या खुला रहेगा और क्या बंद? घर से निकलने से पहले जान लें

Bharat Band 2024: आज भारत बंद का प्रभाव बिहार पर भी रहने वाला है। बसपा, दलित आदिवासी मोर्चा, भीम आर्मी और अन्य दल इस बंद के आह्वान में शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने आज लोगों से घर में रहने और भारत बंद का समर्थन करने का आग्रह किया है। आज बिहार में क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा, आइए जानते हैं।

Image

आज भारत बंद

SC-ST के आरक्षण में क्रीमीलेयर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में भारत बंद का आज आह्वान किया गया है। इसका असर बिहार में भी देखने को मिलेगा। पूर्णिया के निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। यातायात के साधनों जैसे बस, ट्रेन आदि पर भी भारत बंद का प्रभाव देखने को मिलेगा। सड़कों पर वाहनों के भी कम चलने की संभावना है। हलांकि इस दौरान आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। प्रदर्शनकारियों ने लोगों से आज के भारत बंद का समर्थन करने की अपील की है। यह बंद बुधवार सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक जारी रहेगा।

भीम आर्मी ने निकाला मशाल जुलूस

भारत बंद के समर्थन में भीम आर्मी ने पूर्णिया में मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस गिरजा चौक से शुरू हुआ और आरएन साव चौक, भट्ठा बाजार होते हुए आगे बढ़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यपारियों से भारत बंद का समर्थन करने की अपील की है। साथ ही आज घर के अंदर रहने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहै कि हम आपको डरा नहीं रहे बल्कि सतर्क कर रहे हैं। जिससे कि आज बाहर निकलने पर आप किसी परेशानी में न पड़े।

लोगों से भारत बंद को सफल बनाने की अपील

भारत बंद के आह्वान में बसपा, दलित आदिवासी मोर्चा, भीम आर्मी और अन्य दल भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दिखा रहे हैं। दलित आदिवासी मोर्चा ने भी पूर्णिया में मशाल जुलूस निकाला। साथ ही व्यापारियों से बंद का समर्थन करने और उसे सफल बनाने की अपील की। भारत बंद के दौरान आज क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा, इस संबंध में भीम आर्मी और अन्य दलित संगठनों ने पोस्टर जारी करके बताया है। आइए जानते हैं कि बिहार में आज क्या-क्या खुला रहने वाला है।

आज क्या खुला-क्या बंद

  • आज सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक सब कुछ बंद रहेगा। हालांकि इस दौरान पुलिस, फायर सेवाएं और मेडिकल सेवाएं चालू रहेंगी।
  • भारत बंद के दौरान आम जनता को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। इस दौरान केवल भीम सैनिक घरों से बाहर निकलेंगे और भारत बंद पर नजर बनाए रखेंगे।
  • बुधवार को कार्यालय, फैक्ट्री, कंपनी, वर्कशॉप, मॉल, बाजार, दुकान, मंडी, रेहड़ी, पटरी, बैंक, एटीएम, पर्यटक स्थल आदि सब बंद रहेंगे। आज नौकरों की भी छुट्टी रहेगी।
  • यातायात साधनों में कोई सरकारी या प्राइवेट बस, रेल, मेट्रो ट्रेन आदि भी बंद रहेंगी। इसके अलावा निजी व कमर्शियल वाहन, टैक्सी, ऑटो आदि भी नहीं चलेंगे।
  • आज पूरा चक्का जाम रहेगा। इस दौरान मालगाड़ी, बड़े या छोटे ट्रांसपोर्ट, ट्रक, ट्राले, मालवाहन, होम डिलीवरी, दूध, फल, सब्जी आदि भी बंद रहने वाले हैं।
  • सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय आदि भी बंद रहेंगे और वकील भी आज काम नहीं करेंगे।
  • पेट्रोल पंप, सीएनजी पंप, एलपीजी गोदाम पम्प आदि भी नहीं चलेंगे।
  • पूरा भारत नीला एक दिन के लिए होगा, कृपया व्यवधान उत्पन्न ना करें।
  • आज सब बंद रहने वाला है, इसलिए अपने खाने-पीने की चीजों को पहले से ही सुरक्षित रख लें।
  • मांगपत्र लेने के लिए जिला कलेक्टर स्वयं सड़क पर चलकर आएंगे।
  • पुलिस प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए और हमारा सहयोग करना चाहिए।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article