Chhatrapati Sambhajinagar Railway Station: महाराष्ट्र सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन कर दिया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। इस बदलाव के बाद स्टेशन के नए नाम के साथ साइनबोर्ड और सभी आधिकारिक दस्तावेज़ों को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पहले मुगल बादशाह औरंगजेब के नाम पर रखे गए इस शहर का नया नाम अब मराठा साम्राज्य के वीर शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज के सम्मान में रखा गया है। मूल नाम परिवर्तन की पहल पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार ने की थी।
एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने 15 अक्टूबर को गजट अधिसूचना जारी कर नाम परिवर्तन को आधिकारिक रूप से मंजूरी दी।
1900 में निर्मित यह स्टेशन ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसे हैदराबाद के सातवें निजाम मीर उस्मान अली खान ने बनवाया था। स्टेशन काचीगुडा–मनमाड रेलखंड पर स्थित है और यह छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) शहर का प्रमुख रेलवे स्टेशन है।
