Mumbai Rain Alert: मुंबई में बुधवार शाम को जोरदार बारिश हुई। इस कारण शहर में जगह-जगह पानी भर गया और लोगों को भारी ट्रैफिक जाम से भी जूझना पड़ा। महज पांच घंटों की तेज बारिश ने मुंबई का हाल अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी बारिश का असर लोकल ट्रेनों और विमान सेवाओं पर पड़ा। खराब मौसम के कारण कई उड़ानों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। वहीं बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) ने आज स्कूल और कॉलेज में छुट्टी का ऐलान किया है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में तीन दिनों तक बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मुंबई में आज का भारी बारिश का अलर्ट
बुधवार को मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। लेकिन शाम में यह रेड अलर्ट में बदल गया। बुधवार को कई क्षेत्रों में शाम के पांच घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। मुंबई में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज यहां का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 27 सिंतबर से 29 सितंबर तक मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें - दिल्ली में तेज हवाओं संग बरसेंगे बदरा, बारिश दिलाएगी उमस से राहत, 112 दिन बाद बिगड़ी अबोहवा
बारिश से ट्रैक पर भरा पानी
मुंबई में बुधवार को बारिश के कुर्ला स्टेशन पर ट्रैक पर पानी भर गया। जिस वजह से कुर्ला और ठाणे स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेनें रुकी रहीं। जिससे हजारों यात्री सीएसएमटी और अन्य स्टेशनों पर फंस गए। वहीं सड़कों पर भी पानी भरने से कई जगहों पर ट्रैफिक जाम लग गया था। हालांकि आज वाबन और रेल यातायात फिर से शुरू हो गया। भारी बारिश के कारण आज मुंबई के अलावा पालघर, ठाणे, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में भी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
खराब मौसम के कारण 14 उड़ानों का रूट डायवर्ट
मुंबई में बुधवार को भारी बारिश के 14 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया। इन फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट् पर उतारना पड़ा। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि 14 में से 9 उड़ान इंडिगो की थीं, जिन्हें खराब मौसम के चलते शहर में उतरने की मंजूरी नहीं दी गई। इसके अलावा दो उड़ान विस्तारा की और एक-एक उड़ान एयर इंडिया, आकासा व गल्फ एयर की थी, जिन्हें एटीसी ने अन्य हवाई अड्डों पर उतरने का निर्देश दिया। अधिकारी ने बताया कि इन उड़ानों का रूट डायवर्ट करने के बाद सात विमानों को हैदराबाद, चार को अहमदाबाद, दो को गोवा के मोपा हवाई अड्डे और एक को उदयपुर में उतरने का निर्देश दिया गया है।
