Mumbai School Bomb Threat: मुंबई के पश्चिमी उपनगर में स्थित एक निजी स्कूल एवं जूनियर कॉलेज को सोमवार को ईमेल के जरिए परिसर में बम रखा होने की धमकी मिली। जिसकी सुचना तुरंत पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस और बम स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। स्कूल को खाली कराकर जांच शुरू की गई। हालांकि जांच के बाद में यह एक अफवाह निकली।
फाइल फोटो
बम स्क्वाड और खोजी कुत्तों की मदद से की गई जांच
एक अधिकारी ने बताया कि कांदिवली के एक स्कूल के प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसे भेजने वाले ने खुद के अफजल गिरोह से जुड़े होने का दावा करते हुए कहा कि परिसर में बम रखा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस ने बम निरोधक दस्तों और खोजी कुत्तों की मदद से कांदिवली एजुकेशन सोसाइटी (केईएस) स्कूल और जूनियर कॉलेज में गहन तलाशी ली, लेकिन उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और बाद में ईमेल को एक अफवाह करार दिया गया।
23 जनवरी को भी एक स्कूल में मिला इस तरह का ई-मेल
अधिकारी ने बताया कि 23 जनवरी को जोगेश्वरी-ओशिवारा क्षेत्र के एक स्कूल में भी ऐसी ही घटना हुई थी। उन्होंने बताया कि स्कूल को भी इसी तरह का एक ईमेल मिला था, जिसे भेजने वाले ने दावा किया था कि अफजल गिरोह के सदस्यों ने स्कूल परिसर में विस्फोटक लगा रखे हैं। उन्होंने बताया कि यह धमकी भी अफवाह निकली।
(इनपुट - भाषा)
