Maharashtra Covid: महाराष्ट्र में कोरोना विस्फोट हुआ है। महाराष्ट्र में एक ही दिन में 50 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं, जिसमें 9 मामले जेएन.1 के हैं। हाल के दिनों में महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है।
महाराष्ट्र में कोरोना के मामले बढ़े (प्रतीकात्मक फोटो- pixabay)
कुल कितने मामले
महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 50 नए मामले सामने आए, जिसके बाद महामारी फैलने के बाद से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 81,72,135 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के दैनिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।
जेएन.1 के 10 मामले
बुलेटिन में कहा गया है कि नए मामलों में से नौ जेएन.1 उपस्वरूप से जुड़े हैं। इसके साथ ही राज्य में इस नए स्वरूप जुड़े मामलों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई।
कहां कितने मरीज
बुलेटिन के अनुसार जेएन.1 रोगियों में ठाणे शहर के पांच, पुणे शहर के दो, और पुणे जिले, अकोला शहर और सिंधुदुर्ग जिले के ग्रामीण इलाकों का एक-एक रोगी शामिल हैं। पुणे के एक मरीज ने अमेरिका की यात्रा की थी। बुलेटिन में कहा गया है कि जेएन.1 के सभी रोगी संक्रमण से उबर चुके हैं।
भारत में कोरोना
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 656 नए मामले सामने आए,वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,742 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक सामने आए कोविड-19 के मामलों की संख्या 4.50 करोड़ है। देश में बीते 24 घंटे में संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत होने के कारण इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,33,333 हो गई है।
