Mumbai News: डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की मुंबई जोनल यूनिट ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सोने की तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। 'ऑपरेशन मिडनाइट गोल्डस्ट्राइक' के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने 10.75 करोड़ रुपये मूल्य का 24 कैरेट शुद्धता वाला 6.859 किलोग्राम सोना जब्त किया है। इस गिरोह में मुंबई के रास्ते दुबई, बैंकॉक और माले की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट यात्री और हवाई अड्डे का एक अंदरूनी कर्मचारी शामिल था।
एयरपोर्ट कर्मचारी के जरिए बाहर निकाला जा रहा था सोना
विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर DRI अधिकारियों ने 29 अगस्त 2026 की रात हवाई अड्डे पर घेराबंदी की। टीम ने सबसे पहले एक एयरपोर्ट कर्मचारी को उस समय रोका, जब वह सुरक्षा तंत्र को चकमा देकर हवाई अड्डे के बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। कर्मचारी के पास से 7 कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें सोने का पाउडर मोम के रूप में छिपाकर रखा गया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर कर्मचारी ने स्वीकार किया कि वह ट्रांजिट यात्रियों से यह सोना लेकर एयरपोर्ट से बाहर पहुंचाता था।
5 बांग्लादेशी नागरिक समेत 6 लोग गिरफ्तार
कर्मचारी के खुलासे के बाद DRI ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हवाई अड्डे पर मौजूद सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 24 कैरेट सोने के पाउडर से भरे 16 वैक्स कैप्सूल, जिनका कुल वजन 6.859 किलोग्राम था, बरामद किया है। मिले सामान का अनुमानित बाजार मूल्य 10.75 करोड़ रुपये का है। मामले में 5 बांग्लादेशी नागरिकों, जो ट्रांजिट यात्री थे और 1 एयरपोर्ट कर्मचारी को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 (Customs Act, 1962) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
