शहर

Delhi News: प्लेस्कूल में साढ़े तीन साल के मासूम के साथ हैवानियत; स्कूल डायरेक्टर-प्रिंसिपल समेत 4 पर POCSO के तहत FIR

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद में साढ़े तीन साल के मासूम के साथ प्लेस्कूल में कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में निदेशक, प्रिंसिपल, टीचर और केयरटेकर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Image

पुलिस जांच में जुटी (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

Delhi News: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के जाफराबाद इलाके से एक बेहद स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक प्लेस्कूल में पढ़ने वाले महज साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट और अनुचित व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने स्कूल प्रबंधन पर कड़ा एक्शन लिया है। मामले में स्कूल के निदेशक, प्रिंसिपल, एक शिक्षिका और केयरटेकर के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है।

कैसे बेनकाब हुआ मामला?

परिजनों के अनुसार, मासूम बच्चा कुछ दिनों से काफी डरा-सहमा हुआ था और उसके व्यवहार में अचानक बड़े बदलाव देखने को मिल रहे थे। बच्चे को रात में सोने में भारी परेशानी हो रही थी। बच्चा टॉयलेट का इस्तेमाल करने से बेहद घबरा और डर रहा था। जब माता-पिता ने बच्चे से प्यार से पूछताछ की, तो उसने स्कूल में अपने साथ हुई आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों को अहसास हुआ कि उनके मासूम के साथ प्लेस्कूल के भीतर गलत व्यवहार किया गया है।

GTB अस्पताल में मेडिकल जांच, CCTV फुटेज जब्त

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को दिल्ली के GTB अस्पताल भेजा, जहां उसकी विस्तृत मेडिकल जांच कराई गई। इसके अलावा डॉक्टरों और विशेषज्ञों की देखरेख में एक संयुक्त परीक्षण भी कराया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस की टीम ने प्लेस्कूल में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब फुटेज की बारीक जांच कर रही है ताकि घटना के समय की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें POCSO Act (बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण कानून) और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं शामिल हैं

पुलिस ने कहा, जल्द होगी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से पड़ताल कर रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के मिलान के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!