टाइगर स्टेट से लेकर 'मोगली लैंड' और स्वादिष्ट व्यंजनों तक, सिंगापुर ट्रेवल शो में छाया मध्यप्रदेश पर्यटन

सिंगापुर में आयोजित 'ITB एशिया' ट्रेवल शो में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने वैश्विक पर्यटकों को राज्य के प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ग्रामीण पर्यटन का अनुभव लेने के लिए आमंत्रित किया।

सिंगापुर के सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ट्रेवल ट्रेड शो 'ITB एशिया' के नेशनल टूरिज्म ऑर्गेनाइजेशन (NTO) टॉक सेशन में मध्यप्रदेश का डंका बजा। सत्र को संबोधित करते हुए पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने वैश्विक पर्यटकों और टूर ऑपरेटरों को राज्य का रुख करने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि जो पर्यटक स्थापित और भीड़भाड़ वाले गंतव्यों से अलग हटकर 'ऑथेंटिक, रस्टिक और रॉ एक्सपीरियंस' की तलाश में हैं, उनके लिए मध्यप्रदेश सबसे मुफीद जगह है। डॉ. इलैयाराजा ने जोर देकर कहा कि मध्यप्रदेश न केवल भौगोलिक दृष्टि से, बल्कि अपनी अनूठी सांस्कृतिक विविधता और आत्मीय आतिथ्य के बल पर सही अर्थों में 'अतुल्य भारत का दिल' है।

MP Tourism ITB Asia Singapore

ITB एशिया सिंगापुर में बोलते पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी

ओवरटूरिज्म का समाधान हैं अनछुई जगहें

कोविड महामारी के बाद बदलते वैश्विक पर्यटन परिदृश्य का जिक्र करते हुए सचिव डॉ. इलैयाराजा ने नवाचार और खोज पर बल दिया और कहा कि "यदि आवश्यकता आविष्कार की जननी है, तो जिज्ञासा खोज का पिता है।" उन्होंने कहा कि दुनियाभर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ का मुख्य कारण पर्यटकों का कुछ सीमित स्थानों और सीमित समय पर ही केंद्रित होना है। इसका सबसे प्रभावी और दीर्घकालिक समाधान पर्यटन मांग का पुनर्वितरण करना और नए और अनछुए ऑफबीट स्थलों की निरंतर खोज करना है।

End of Feed