मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में बालाघाट की टीम ने पहला स्थान हासिल किया है। धार की टीम दूसरे और सीधी की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से किया। इसमें राज्य के 53 जिलों से 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समापन समारोह में विजेता टीमों को मेडल और मध्य प्रदेश घूमने के लिए निःशुल्क टूर पैकेज दिए गए।
MP टूरिज्म क्विज में 24 हजार से ज्यादा छात्रों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ पर्यटन क्षेत्र में करियर के अवसरों की जानकारी देना है। इस बार प्रतियोगिता की थीम ‘द ट्रेजर आर्ट ऑफ एमपी’ रखी गई थी। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
बालाघाट, धार और सीधी को मिला पहला स्थान
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बालाघाट के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। धार के पब्लिक स्कूल की टीम दूसरे और सीधी के काशी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम तीसरे स्थान पर रही।
फाइनल में छह जिलों की टीमें पहुंची थीं। इनमें बालाघाट, धार और सीधी के अलावा मुरैना, सतना और उमरिया की टीमें शामिल थीं। प्रतियोगिता में विजेता टीमों के साथ अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का अवसर दिया गया।
विजेताओं को कितने दिन का मिलेगा फ्री टूर पैकेज?
पर्यटन विभाग की ओर से विजेता टीमों को अलग-अलग अवधि के निःशुल्क टूर पैकेज दिए गए हैं।
- पहला स्थान : 5 दिन और 4 रात का टूर पैकेज।
- दूसरा स्थान : 4 दिन और 3 रात का टूर पैकेज।
- तीसरा स्थान : 3 दिन और 2 रात का टूर पैकेज।
इन पैकेजों के तहत विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और पर्यटन विभाग के अंतर्गत आने वाले होटलों में ठहरने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता की टीमों को भी 3 दिन और 2 रात के भ्रमण का अवसर दिया गया।
पर्यटन में करियर बना सकते हैं विद्यार्थी
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन क्विज विद्यार्थियों में राज्य की विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं के लिए करियर की संभावनाएं हैं।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि पर्यटन और ट्रैवल इंडस्ट्री युवाओं के लिए नए अवसर खोल सकती है। बोर्ड के मुताबिक, इस पहल से अब तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 21 लाख से ज्यादा विद्यार्थी जुड़ चुके हैं।
समापन समारोह में भोपाल की 30 छात्राओं ने ‘श्री रामचरितम्’ की प्रस्तुति दी। इसके जरिए भगवान श्रीराम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को अभिनय और संगीत के माध्यम से मंच पर प्रस्तुत किया गया।
