शहर

मध्य प्रदेश का मौसम (08 Jan 2026) MP Weather Today: मध्य प्रदेश में बर्फ जैसी ठंड, शहडोल से भोपाल तक पारा लुढ़का; मौसम विभाग का अलर्ट

मध्य प्रदेश का मौसम (MP में आज का मौसम कैसा रहेगा) 08 Jan 2026: मध्य प्रदेश में सर्दी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान तेजी से गिरा है और कई जिलों में हालात बर्फ जैसे बन गए हैं। आइए जानते हैं मध्य प्रदेश के मौसम का हाल।

Image

भोपाल में कड़ाके की सर्दी (AI Image)

MP में आज का मौसम (08 Jan 2026): मध्य प्रदेश सहित देश के बड़े हिस्से में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की दिनचर्या मुश्किल कर दी है। पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से तापमान तेजी से गिरा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन इतनी बढ़ गई है कि लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, वहीं घना कोहरा सड़क और रेल यातायात के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

भोपाल में रिकॉर्ड ठंड

राजधानी भोपाल में जनवरी की रात का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यह बीते एक सदी में जनवरी की सबसे ठंडी रातों में से एक है। ठंड के इस प्रकोप ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है और दिन में भी सर्द हवाओं से कंपकंपी बनी हुई है।

शहडोल सबसे ठंडा, कई जिलों में पाला

प्रदेश के ठंडे इलाकों में शहडोल अव्वल रहा, जहां कल्याणपुर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री तक पहुंच गया। सीहोर, छिंदवाड़ा और मुरैना जैसे जिलों में ओस की बूंदें जमकर पाले में बदल गईं। मुरैना के अंबाह में सुबह 4 डिग्री तापमान के साथ शीतलहर और घना कोहरा देखने को मिला। घने कोहरे के चलते दिल्ली से मध्य प्रदेश आने-जाने वाली कई ट्रेनें रोजाना घंटों देरी से चल रही हैं। सड़कों पर दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, रीवा, सतना, शहडोल समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

स्कूलों के समय में बदलाव

कड़ाके की ठंड को देखते हुए इंदौर में आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे के बाद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फीली हवाओं की रफ्तार तेज होने की संभावना है।

अगले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि जनवरी में शीतलहर का दौर जारी रह सकता है। कोहरे की स्थिति बनी रहेगी और रात के तापमान में और गिरावट संभव है। लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article