भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने अपने जन्मदिन 25 मार्च को सादगी और जनसंपर्क की मिसाल पेश की। इस खास मौके पर उन्होंने सागर जिले के मोइली गांव पहुंचकर एक किसान परिवार के साथ समय बिताया और उनके घर पर बैठकर सादा भोजन किया। सीएम अपना ये 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। दरअसल, मोइली गांव के किसान हरि रैकवार ने मुख्यमंत्री को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और सीधे किसान के खेत व घर पहुंच गए। यहां उन्होंने परिवार के साथ चारपाई पर बैठकर घर का पारंपरिक भोजन किया और आत्मीयता से बातचीत की।
किसान के घर पर सीएम मोहन यादव ने मनाया जन्मदिन
मुख्यमंत्री ने किसान परिवार के साथ बैठकर रोटी, दाल और सब्जी का स्वाद लिया, जिसे किसान की बहू ने अपने हाथों से तैयार किया था। इस दौरान उन्होंने परिवार के बच्चों को गोद में उठाया और परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की। साथ ही किसान हरि रैकवार से उनकी फसल, खेती से जुड़ी समस्याओं और गांव की स्थिति के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के अचानक घर पहुंचने से परिवार और गांव के लोग बेहद भावुक हो गए। किसान हरि रैकवार ने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके घर आना उनके परिवार के लिए सम्मान और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनका जीवनभर का सपना आज पूरा हो गया। मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य सरकार के उस दृष्टिकोण को दर्शाता है जिसमें जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान करने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है।
सादगी भरे इस जन्मदिन के जरिए मुख्यमंत्री ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना ही उनका संकल्प है।
पीएम ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई शीर्ष नेताओं ने भी मोहन यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। पीएम ने मुख्यमंत्री के कामों की प्रशंसा की और कहा कि वे मध्य प्रदेश के सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई अनेक पहलों में अग्रणी हैं।
