शहर

'AAP' विधायकों ने 'गैस किल्लत' को लेकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर निकाला पैदल मार्च

AAP on LPG Crisis: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में सभी विधायकों ने गैस सिलेंडर का पम्पलेट्स लेकर पैदल मार्च किया

Image

आतिशी के नेतृत्व में सभी विधायकों ने गैस सिलेंडर का पम्पलेट्स लेकर पैदल मार्च किया

आम आदमी पार्टी के विधायकों ने निलंबन वापस नहीं होने पर बजट सत्र के तीसरे दिन भी विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को जहां पालम अग्निकांड का मुद्दा उठाकर रेखा गुप्ता सरकार को कटघरे में खड़ा किया, वहीं बुधवार को गैस सिलेंडर किल्लत को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में सभी विधायकों ने गैस सिलेंडर का पम्पलेट्स लेकर पैदल मार्च किया ।

आतिशी ने कहा कि आज पूरे देश में एक गैस सिलेंडर के लिए लंबी लंबी लाइनें लग रही हैं।आतिशी ने कहा कि इसी दिल्ली विधानसभा में भाजपा ने वादा किया था कि होली और दिवाली पर फ्री सिलेंडर देंगे और कई बार इसकी घोषणा भी की गई। अब इनकी फ्री सिलेंडर की तरकीब समझ में आई है कि सिलेंडर को गायब ही कर दो, ताकि सब कुछ फ्री हो जाए और पैसे देने ही न पड़ें।

आतिशी ने कहा कि आज दिल्ली वाले भाजपा से परेशान हैं। एक आम परिवार को बिजली चाहिए होती है लेकिन पावर कट हो रहे हैं। पानी चाहिए होता है जो गंदा आ रहा है। सड़कें टूटी हुई हैं, पुलिस सुरक्षा दे नहीं पा रही है और अस्पतालों में दवाई मिल नहीं रही है। खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर चाहिए जिसके लिए दिनों दिन लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।

'लोग इंडक्शन और लकड़ी खरीद रहे हैं'

आतिशी ने कहा कि मंगलवार को पेश हुए बजट में भी रेखा गुप्ता ने सिलेंडर का जिक्र किया है और कहा है कि दिवाली और होली पर सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। अब तो सब पूरा ही फ्री हो गया है और कोई भी सिलेंडर के लिए एक भी पैसा खर्च नहीं कर रहा है। अब किसी को भी सिलेंडर पर खर्चा नहीं करना पड़ रहा है क्योंकि लोग इंडक्शन और लकड़ी खरीद रहे हैं।

आतिशी ने कहा कि मंगलवार के बजट में महिलाओं को 2500 रुपए देने की बात कही गई है। ये हर साल 2500 रुपए की बात करेंगे लेकिन वे रुपए कभी नहीं आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 फरवरी से पहले यह वादा किया था कि 8 मार्च 2025 को दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 रुपए आएंगे। 8 मार्च 2025 तो दूर, 8 मार्च 2026 भी निकल गया, लेकिन दिल्ली की एक भी महिला के पास 2500 रुपए नहीं आए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को फ्री बस यात्रा मिल रही थी, अब उसमें भी समस्या हो रही है। कहा गया था कि महिलाओं को पिंक कार्ड देंगे, लेकिन महिलाओं को पिंक कार्ड बनवाने ढेरों दिक्कतें हो रही हैं। जो मोहल्ला क्लीनिक में फ्री इलाज मिल रहा था, वे मोहल्ला क्लीनिक भी बंद कर दिए गए हैं। अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिल रही हैं और पानी गंदा आ रहा है।

आतिशी ने आगे कहा कि मैं भाजपा वालों को बता देना चाहती हूं कि उन्हें लगता है कि वो हमें विधानसभा से बाहर कर देंगे और हमारी आवाज दबा देंगे। इनको इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। हम आम आदमी पार्टी के विधायक है, अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। सदन के अन्दर और सड़क पर हम दिल्ली वालों के हक आवाज उठाते रहेंगे। इन्होंने हमारे सभी नेताओं को जेल में भी डाल दिया, फिर भी हमें डरा नहीं पाए चुप नहीं करा पाए। दिल्ली में एक परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई इसपर बात नहीं करेंगे, ये उसपर भी खीर खाते हैं। लेकिन दिल्ली की जनता इसका जवाब देगी। धोखे से 27 साल बाद सरकार बना लिया अब 100 साल तक इनकी सरकार नहीं बनेगी।

'उन्हें गैस नहीं मिल रही है'

इस दौरान विधायक संजीव झा ने कहा कि लोग इस तपती धूप में लंबी लंबी लाइनें लगा रहे हैं और भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल रही है। संजीव झा ने कहा कि अगर सरकार हमें सदन में दिल्ली और देश के मुद्दे नहीं बोलने देगी, तो हम इन्हें सड़क पर उठाएंगे। सत्र के पहले ही दिन नेता प्रतिपक्ष आतिशी स्पीकर से मिलकर पार्टी के चारों विधायकों का निलंबन वापस लेने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक हमारा निलंबन वापस नहीं हुआ है। यह देश में पहली बार विधायकों को न केवल सदन से निकाला गया बल्कि पूरे परिसर से बाहर कर दिया गया और 70 विधायकों के व्हाट्सएप ग्रुप से भी निकाल दिया गया।

संजीव झा ने आगे कहा कि सदन चलाने की जिम्मेदारी विधानसभा स्पीकर की होती है। स्पीकर ने एक बार भी पक्ष और विपक्ष को नहीं बुलाया औन सदन चलाने को लेकर कोई सहमति बनाई। अलबत्ता स्पीकर विपक्ष के नेताओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, उन्हें जलील कर रहे हैं और दिल्ली के लोगों की आवाज को दबा रहे हैं। जब तक निलंबन वापस नहीं होगा, हम सदन में नहीं जाएंगे।

'भाजपा मुद्दों पर बात नहीं करने दे रही है'

उधर, कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि गुरुवार को रामनवमी है। लोगों को भंडारे करने हैं और घरों में व्रत का खाना बनना है, लेकिन सिलेंडर नहीं है। दिल्ली में पांच से छह हजार रुपए का सिलेंडर मिल रहा है। लोग त्राहि त्राहि कर रहे हैं। सदन दो करोड़ जनता के मुद्दों पर चर्चा के लिए बना है, लेकिन वहां भाजपा मुद्दों पर बात नहीं करने दे रही है। पालम में सरकारी लापरवाही के कारण नौ लोग मर गए, सरकार इस पर भी चर्चा से भाग रही है। भाजपा के लोग सिर्फ हमें सदन से बाहर करने पर चर्चा करते हैं। हमें बाहर करने से जनता का भला नहीं होगा। जनता का भला सदन में सीवर, बिजली, पानी और गैस सिलेंडर पर चर्चा से होगा। भाजपा सरकार गैस किल्लत पर चर्चा करे। गैस की कालाबाजारी करे।

कुलदीप कुमार ने कहा कि कैग-कैग करके भाजपा ने दिल्ली में सरकार बना ली है। इसका जवाब आम आदमी पार्टी ने नहीं, बल्कि खुद कोर्ट ने दिया है। कोर्ट ने इनकी सीबीआई की चार्जशीट को ट्रायल के लायक भी नहीं समझा और खारिज कर दिया। अगर भाजपाइयों को अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी का सर्टिफिकेट लेना है, तो कैग से नहीं बल्कि कोर्ट से जाकर लें। अब भाजपा गैस की किल्लत और एलपीजी सिलेंडर पर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार का बजट हवा हवाई और खोखला है। बजट में जनता के हित की कोई बात नहीं है। मुख्यमंत्री के एक लाख करोड़ रुपए के बजट का दिल्लीवाले क्या करें, जब नौ लोगों की जान बचाने के लिए सरकार के फायर विभाग के पास एक सीढ़ी तक नहीं है। ऐसी सरकार पर धिक्कार है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें