MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा और शिवपुरी जिलों से आई दो दिल दहला देने वाली घटनाओं ने प्रदेश की सियासत और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सत्ता के रसूख और व्यक्तिगत सनक के चलते हुई इन सड़क दुर्घटनाओं ने न केवल कई परिवारों को उजाड़ दिया है, बल्कि इसे लेकर अब भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है।
खंडवा में भाजपा नेता पर हत्या का आरोप
खंडवा के ग्राम केनूद के पास हुई घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। जिसे शुरुआत में एक सड़क हादसा समझा जा रहा था, पुलिस जांच में वह एक सोची-समझी हत्या की साजिश निकली। भाजपा नेता लवकुश पर आरोप है कि उसने प्रेम प्रसंग में नाकाम होने के चलते अपनी थार गाड़ी से सामने वाली बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में सौरभ और उसकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सारिका नाम की युवती सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय के अनुसार, आरोपी लवकुश का सारिका के साथ प्रेम प्रसंग था, लेकिन युवती की शादी कहीं और तय हो जाने से वह आक्रोशित था। आरोपी ने दो दिन पहले ही परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत मूंदी थाने में भी की गई थी। पुलिस ने आरोपी को राउंडअप कर लिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।
शिवपुरी में विधायक के बेटे ने पांच को रौंदा
एक अन्य घटना शिवपुरी जिले के करैरा की है, जहां पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी पर अपनी एसयूवी से पांच लोगों को घायल करने का आरोप लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस थार गाड़ी ने बाइक सवार तीन दोस्तों और पैदल चल रही दो महिलाओं को टक्कर मारी, उस पर 'विधायक' लिखा हुआ था। इस हादसे में संजय परिहार नाम का युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है, वहीं विधायक प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
इन दोनों घटनाओं ने प्रदेश की राजनीति में उबाल ला दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि गृहमंत्री के तौर पर वे पूरी तरह विफल रहे हैं और प्रदेश में 'जंगलराज' चल रहा है जहाँ सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है। कांग्रेस के इन हमलों पर भाजपा ने भी कड़ा पलटवार किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कानून अपना काम पूरी निष्पक्षता से कर रहा है और आरोपी चाहे कोई भी हो, उस पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अपराधियों को संरक्षण देना कांग्रेस की संस्कृति रही है, इसलिए उन्हें इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
