Siwan Car Fire: बिहार के सीवान जिले में गुरुवार तड़के एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि चालक की सतर्कता से वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए। जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
शादी समारोह से वापस लौटते समय हादसा
यह घटना नगर थाना क्षेत्र के दाहा पुल के पास स्थित पटेल चौक में हुई। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से एक बारात गोपालगंज जिले के मीरगंज गई थी। गुरुवार सुबह शादी समारोह खत्म होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान वाहन में करीब आठ लोग सवार थे। तभी रास्ते में गाड़ी ने अचानक आग पकड़ ली।
चालक की सूझबूझ से बची जानें
बताया जा रहा है कि जब स्कॉर्पियो दाहा पुल के पास पटेल चौक पहुंची, तभी चालक को इंजन वाले हिस्से से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इस दौरान धुआं भी तेजी से बढ़ गया। चालक ने तुरंत सभी लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला। यात्रियों के उतरते ही स्कॉर्पियो में तेजी से आग भड़क उठी और पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। साथ ही नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। फिलहाल असली वजह जानने के लिए मामले की जांच जारी है।
