मानसून ने बरपाया का कहर! जम्मू-कश्मीर में सबसे ज्यादा मौतें, उत्तराखंड, हिमाचल और बंगाल समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट

मानसून के बीच देश के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, नगालैंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Monsoon 2026: उत्तर और पूर्वी भारत में रविवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 19 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से सबसे ज्यादा 12 मौतें अकेले जम्मू-कश्मीर में हुईं जो मानसून के कहर से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती पुंछ और राजौरी जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ आने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य लोग लापता हैं। इसके बाद कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राष्ट्रीय राजधानी का अपना दौरान बीच में ही समाप्त कर दोपहर में जम्मू लौटने का फैसला किया। पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील से सबसे अधिक तबाही की सूचना है, जहां सबसे अधिक लोगों की मौत हुई है।

Monsoon 2026

देशभर में मानसून का रौद्र रूप (AI फोटो)

जम्मू-कश्मीर में 19 से 23 जुलाई तक होगी भारी बारिश

अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल लापता लोगों की तलाश के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शाम को पुंछ के सुरनकोट इलाके में एक और शव बरामद होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई, जबकि राजौरी जिले में अचानक आई बाढ़ में एक महिला सहित दो लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में बारिश का अनुमान जताए जाने के बाद प्राधिकारियों ने पहलगाम और बालटाल मार्गों से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी। अधिकारियों ने कश्मीर क्षेत्र में बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविरों तथा जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं की आगे की यात्रा पर रोक लगा दी। बारिश रविवार तड़के शुरू हुई और कश्मीर के जंगलों में बादल फटने की घटनाएं हुईं। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 20 से 23 जुलाई तक मध्यम से व्यापक पैमाने पर बारिश का अनुमान जताया है।

End of Feed