Anant Singh: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। मौका था उनकी बेटी शिवांगी की शादी के समारोह का, जहां अनंत सिंह ने ऐसी ग्रैंड एंट्री की कि देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार के सनरूफ से खड़े होकर उन्होंने हाथ हिलाकर मेहमानों का अभिवादन किया। यह नजारा देखते ही वहां मौजूद लोग उनकी एक झलक पाने के लिए उनकी गाड़ी के चारों ओर इकट्ठा हो गए। अनंत सिंह जैसे ही शादी समारोह स्थल पर पहुंचे, पूरा माहौल उत्साह से भर गया।
अनंत सिंह की ग्रैंड एंट्री (फोटो साभार- TNN)
अनंत सिंह की ग्रैंड एंट्री का वीडियो
अनंत सिंह की गाड़ी के पहुंचते ही समर्थकों और मेहमानों ने उन्हें घेर लिया। अनंत सिंह अपनी कार के सनरूफ से बाहर निकले और हाथ जोड़कर, हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोग मोबाइल से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। कुछ ही देर में उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बेटी शिवांगी की शादी को लेकर मोकामा में पिछले कई दिनों से जश्न का माहौल है। शादी समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। राजनीतिक हस्तियों, समर्थकों, रिश्तेदारों और आम लोगों का तांता लगा हुआ है। समारोह स्थल पर भव्य सजावट, लाइटिंग और सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
देशभर से लाखों लोग शादी में पहुंचे
अनंत सिंह की बेटी की शादी में बिहार के अलग-अलग जिलों से लोग पहुंचे हैं। समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग अनंत सिंह को बधाई देने के लिए दूर-दूर से आ रहे हैं। समारोह में खाने-पीने से लेकर ठहरने तक के शानदार इंतजाम किए गए हैं। अनंत सिंह को बिहार की राजनीति में छोटे सरकार के नाम से भी जाना जाता है। मोकामा से विधायक अनंत सिंह का अपने क्षेत्र में बड़ा प्रभाव माना जाता है। उनकी बेटी की शादी को एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है। समारोह में कई बड़े नेताओं के भी पहुंचने की चर्चा है।
