मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा, सवारियों से भरे ऑटो पर पलटा राख से भरा हाइवा ट्रक, 3 की मौत, 3 गंभीर

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित सिकिया मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। सोनभद्र मार्ग से आ रहा राख से भरा हाइवा ट्रक सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया, जिससे 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सिकिया मोड़ के पास एक भीषण और दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। सोनभद्र मार्ग की ओर से आ रहा राख से भरा एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक सड़क किनारे खड़ी सवारियों से भरी ऑटो पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में ऑटो में सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।

mirzapur accident

ट्रक को उठाती JCB मशीन

सवारी भर रहे ऑटो पर पलटा अनियंत्रित हाइवा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। सिकिया मोड़ के पास एक सवारी ऑटो रुककर यात्रियों को बैठा रहा था। इसी दौरान सोनभद्र की दिशा से आ रहा राख लदा हाइवा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे खड़े ऑटो के ऊपर ही पलट गया। ट्रक का वजन और भारी मात्रा में राख नीचे गिरने के कारण ऑटो पूरी तरह से दब गया और उसमें मौजूद यात्री नीचे फंस गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन: एएसपी राजकुमार मीना

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राजकुमार मीना ने बताया कि रात करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि सोनभद्र रूट से आ रहा एक ट्रक पास में खड़ी और सवारी भर रही पैसेंजर ऑटो पर पलट गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे में अब तक तीन लोगों की दुखद मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घायल ट्रॉमा सेंटर रेफर, जांच जारी

पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से हाइवा ट्रक व मलबे को हटाकर ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि घायलों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की आगे की कानूनी जांच कर रही है।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed