Meerut Snake Case: मेरठ के मशहूर सांप कांड में पति अमित कश्यप की हत्या करने वाली पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा मिली है। मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में कोर्ट ने रविता और अमरदीप को अमित कश्यप की हत्या का दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई। इससे पहले अदालत ने 7 अक्टूबर को दोनों को अमरदीप की हत्या का दोषी माना था। अकबरपुर सादात गांव से जुड़े इस मामले में अपर जिला जज कोर्ट संख्या-12 ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को हत्या का दोषी करार दिया था।
पति को मारकर बिस्तर पर रख दिया था सांप
यह घटना 12 अप्रैल 2025 की है। अमित कश्यप अपने घर के अंदर मृत अवस्था में मिला था। उसके शव के पास एक सांप पड़ा मिला था, जिसे देखकर शुरुआत में लगा कि मौत सर्पदंश से हुई होगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी। रिपोर्ट में सामने आया कि अमित की मौत सांप काटने से नहीं, बल्कि दम घुटने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने इस केस को हत्या के नजरिए से जांचना शुरू कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में दर्दनाक सड़क हादसा, पेड़ से टकराई ईको कार, पांच लोगों की मौत
पत्नी का गांव के युवक से था प्रेम संबंध
जांच में खुलासा हुआ था कि अमित कश्यप की पत्नी रविता का गांव के ही अमरदीप नामक युवक से प्रेम संबंध था। अमरदीप का अमित के घर अक्सर आना-जाना लगा रहता था और वह अमित के साथ ही काम भी करता था। आरोप है कि दोनों ने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और हत्या को सांप काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने जांच के दौरान उस व्यक्ति से भी पूछताछ की जिस पर सांप लाकर देने का आरोप था और उसे सरकारी गवाह बना लिया। अभियोजन पक्ष ने अदालत में सबूत पेश कर यह साबित किया कि दोनों ने मिलकर सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की थी। इससे पहले मेरठ के ही मशहूर नीले ड्रम कांड में पति सौरभ राजपूत की हत्या करने वाली पत्नी मुस्कान रस्तोगी और प्रेमी साहिल को फांसी की सजा मिल चुकी है।
