शहर

मेरठ में शक ने उजाड़ दिया परिवार, ननद ने की भाभी की चाकू मारकर हत्या; गिरफ्तार

मेरठ के निदा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की ननद रिमशा ने अपने पति और निदा के बीच कथित अवैध संबंधों के शक में चाकू मारकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

मेरठ में अवैध संबंध के शक ने ली महिला की जान, आरोपी ननद गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Meerut Murder Case: मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हुए निदा हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, मृतका की ननद ने ही चाकू मारकर उसकी हत्या की थी। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू भी बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने अपने पति और भाभी निदा के बीच अवैध संबंधों के शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।

घरेलू विवाद के बाद हुआ जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को घर में किसी बात को लेकर भाभी और ननद के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी रिमशा ने रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और अपनी भाभी निदा के सीने पर कई बार हमला किया। जिससे निदा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अवैध संबंध के शक में की हत्या

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी रिमशा को अपने पति उवैश और मृतका निदा के बीच कथित अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी शक के कारण दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के कारण आरोपी ने गुस्से में आकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

मेरठ पुलिस ने आरोपी रिमशा, निवासी करीमनगर, थाना नौचंदी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article