शहर

Ulhasnagar Hit and Run: तेज रफ्तार कार ने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत, बेटा घायल; आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के उल्हासनगर में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से पिता की मौत और बेटे के घायल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार ड्राइवर ने घायल पर दोबारा कार चढ़ा दी थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Image

उल्हासनगर में भीषण सड़क हादसा

महाराष्ट्र में मुंबई से सटे उल्हासनगर से एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद कार ड्राइवर ने सड़क पर गिरे घायल पिता के ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।

यह दर्दनाक हादसा सोमवार 13 जुलाई को उल्हासनगर-1 स्थित बिरला गेट रोड पर हुआ। पुलिस के अनुसार, 51 साल के देवेंद्र सिंह राजपूत अपने बेटे संजय सिंह राजपूत के साथ बाइक से शाहाड रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए।

प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी है आरोपी

हादसे में देवेंद्र सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे संजय सिंह राजपूत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ड्राइवर की पहचान अविनाश मुथा के रूप में हुई है, जो कल्याण का एक प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी बताया जा रहा है। आरोप है कि दुर्घटना के बाद उसने गाड़ी रोकने के बजाय घायल व्यक्ति के ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी और घटनास्थल से फरार हो गया।

आरोपी से पूछताछ जारी

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सोमवार देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। जांच के बाद यह साफ होगा कि हादसा महज लापरवाही का मामला था या आरोपी ने जानबूझकर घायल व्यक्ति पर दोबारा गाड़ी चढ़ाई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!