शहर

Meerut: कपड़ों के गोदाम में भड़की आग ने लील लीं जिंदगियां; 5 मासूमों समेत 6 की मौत

मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 मासूम बच्चे शामिल हैं। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कपड़ों के गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था।

Image

कड़ी मशक्कत से मिला आग पर काबू

Photo : Times Now Digital

Meerut Fire News: मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में सोमवार की शाम खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के सात लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनमें से अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 5 मासूम बच्चे और एक महिला शामिल है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब घर के पुरुष मस्जिद में नमाज अदा करने गए थे।

कपड़ों के गोदाम में लगी थी आग

घटना किदवई नगर स्थित सुराही वाली मस्जिद के पास गली नंबर 1 की है। यहां रहने वाले इकबाल अहमद के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कपड़ों का गोदाम था, जबकि ऊपर की मंजिल पर परिवार रहता था। सोमवार देर शाम इकबाल अपने भाई के साथ नमाज पढ़ने गए थे। घर में उनकी पत्नी, बुजुर्ग मां और पांच बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और गोदाम में रखे कपड़ों ने आग पकड़ ली। कपड़ों की वजह से आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपर की मंजिल पर मौजूद परिवार धुएं और लपटों के बीच फंस गया।

संकरी गलियों से मुश्किल हुआ बचाव कार्य

पड़ोसियों ने जब घर से लपटें उठती देखीं, तो इलाके में भगदड़ मच गई। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन घटनास्थल की गलियां इतनी तंग और संकरी थीं कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। दमकलकर्मी पड़ोस की छत के रास्ते घर में घुसे और आग के बीच से 5 बच्चों और 2 महिलाओं को किसी तरह बाहर निकाला गया। सभी झुलसे हुए लोगों को तुरंत राजधानी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मासूमों की मौत से इलाके में सन्नाटा

अस्पताल से आई जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 6 लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों में दो बच्चे महज 6 महीने के थे, जबकि तीन बच्चों की उम्र 5 से 6 साल के बीच थी। झुलसी हुई महिलाओं में इकबाल की पत्नी और उनकी मां शामिल थीं। इलाज के दौरान हुई इन मौतों ने पूरे मेरठ को झकझोर कर रख दिया है। हादसे की सूचना पर एसएसपी, डीएम और एसपी सिटी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासनिक जांच और शॉर्ट सर्किट का अंदेशा

मेरठ के एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट नजर आ रही है। चूंकि घर में ही कपड़ों का काम होता था, इसलिए आग बहुत तेजी से फैली। फिलहाल प्रशासन यह जांच भी कर रहा है कि क्या रिहायशी इलाके में इस तरह गोदाम संचालित करने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट वीके सिंह ने बताया,कि हादसे की सूचना हमें रात करीब 9 बजे मिली... आग लगने के कारण की जांच विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग दोनों ने की है। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि आग किसी विद्युत उपकरण के कारण लगी होगी और संभवतः घर में रखे कपड़ों तक फैल गई होगी। विस्तृत जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article