Alwar News: अलवर के बहरोड़ स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम करीब 6 बजे एक कपड़ा फैक्ट्री में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आकर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। साथ ही, आसमान में घना काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया।
अलवर की कपड़ा फैक्ट्री में लगी भीषण आग
आग तेजी से फैलती रही
घटना की जानकारी मिलते ही बहरोड़ दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की गंभीरता को देखते हुए हालात को नियंत्रित करने के लिए नीमराणा से अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। दमकलकर्मी लगातार कड़ी मेहनत कर आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे उसे नियंत्रित करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
पूरे इलाके में दहशत
बहरोड़ कोतवाली थाना अधिकारी अंकित सांवरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए आसपास के इलाके को खाली कराया गया। सुरक्षा के लिहाज से फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई, ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और आग की भयावहता को देखकर सभी चिंतित नजर आए।
किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय फैक्ट्री के अंदर कुछ कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग की इस घटना में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। इससे फैक्ट्री मालिक को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
