क्राइम

Jehanabad: हॉस्टल में मासूम छात्र की हत्या से सनसनी; कैंटीन गार्ड ही निकला हत्यारा, कुकर्म के बाद उतारा मौत के घाट

बिहार के जहानाबाद जिले में एक हॉस्टल के भीतर मासूम छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Image

जहानाबाद में नाबालिग छात्र की बेरहमी से हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jehanabad Hostel Murder Case: बिहार के जहानाबाद जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुठेर‑लोदीपुर गांव के पास चल रहे एक हॉस्टल में हुई मासूम छात्र की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में सामने आए तथ्यों ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अप्राकृतिक यौनाचार की पुष्टि हुई है। इसके बाद साक्ष्यों को मिटाने के उद्देश्य से धारदार हथियार से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

वारदात के समय नशे में था आरोपी

एसपी अपराजित लोहान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस सनसनीखेज हत्या को हॉस्टल के कैंटीन गार्ड मुकेश उर्फ सुदामा ने अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय आरोपी नशे की हालत में था। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी पाली थाना क्षेत्र के बेमभई गांव का निवासी है, जिसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की पत्नी पहले ही उसे छोड़ चुकी थी।

आखिर क्यों दिया अपराध को अंजाम?

पुलिस जांच में सामने आया है कि हॉस्टल के कुछ बच्चे आरोपी गार्ड को नपुंसक कहकर चिढ़ाया करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और कुंठित रहता था। इसके अलावा, कुछ दिन पहले उसका हॉस्टल संचालक से भी विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी पृष्ठभूमि में आरोपी ने हॉस्टल की छवि को नुकसान पहुंचाने और उसे बंद करवाने की साजिश रची थी। एसपी ने बताया कि रविवार की रात हॉस्टल के बच्चे टीवी देख रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद गार्ड ने एक मासूम छात्र को बहलाकर अपने कमरे में बुला लिया।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने कमरे में ले जाकर मासूम बच्चे के साथ गंभीर अपराध किया। जब बच्चा शोर मचाने लगा तो पकड़े जाने के भय से गार्ड ने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में शव को सीढ़ी के पास छोड़ दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है और हॉस्टल तथा आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article