Yamuna Expressway Bus Accident: मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 76 के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बस में करीब 100 यात्री थे सवार
बताया जा रहा है कि बस में करीब 100 यात्री सवार थे, जो नोएडा से दरभंगा की ओर जा रहे थे। CO संदीप सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में 10 से 12 यात्री घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
शीशे तोड़कर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही नौहझील थानाध्यक्ष, बाजना कट चौकी प्रभारी और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गए। बस के दरवाजे जाम हो जाने के कारण यात्री अंदर ही फंसे रह गए थे। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बस के शीशे तोड़कर एक-एक यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल हुए यात्रियों को एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों की सहायता से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहझील पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया।
कन्नौज में बेकाबू ट्रक ने मारी स्कूटी को टक्कर
वहीं, कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र में रविवार को एक बेकाबू ट्रक एक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद दुकान से टकराकर पलट गया जिससे 14 वर्षीय छात्रा समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि छिबरामऊ क्षेत्र में भाउलपुर तिराहे के पास रविवार सुबह साढ़े आठ बजे एक बेकाबू ट्रक ने ट्यूशन पढ़ने जा रही स्कूटी सवार छात्रा को पीछे से टक्कर मार दी और आगे जाकर एक दुकान से टकराकर पलट गया। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में छात्रा एवं फल विक्रेता एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक हेल्पर (खलासी), दुकानदार के दो पुत्र तथा ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि मृतक कन्हैया लाल को पांच लाख एवं इतनी ही सहायता मृतक छात्रा के परिजनों को दी जाएगी। चारों घायलों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रविवार की सुबह छिबरामऊ के दुर्गा नगर निवासी राजू कश्यप की 14 वर्षीय पुत्री अंशिका (हाई स्कूल की छात्रा) अपनी स्कूटी से बाउल पुर तिराहे के पास स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जा रही थी। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे जैसे ही वह तिराहे के पास पहुंची तभी पीछे से एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे अंशिका स्कूटी सहित ट्रक के नीचे आ गई।
सूत्रों ने बताया कि कोयले से लदा ट्रक स्कूटी को टक्कर मारते हुए एक दुकान से टकराकर पलट गया जिससे फल विक्रेता कन्हैया लाल (65 वर्ष), उनके दो पुत्र अंकित (31 वर्ष) और अमित (25 वर्ष) के अलावा हेल्पर आदर्श पाल, ट्रक चालक सतेंद्र 28) ट्रक के नीचे आ गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के नीचे दबी छात्रा अंशिका, दुकानदार कन्हैया लाल, उनके दो बेटों अमित और अंकित तथा हेल्पर आदर्श पाल को बाहर निकाला। लेकिन तब तक छात्रा और कन्हैया लाल की मृत्यु हो चुकी थी। सूत्रों ने बताया कि चार अन्य घायलों को जिला अस्पताल छिबरामऊ भेजा गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घोषणा की कि दोनों मृतकों के परिजनों को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
(भाषा इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
