Delhi Fire News: दिल्ली के हरि नगर इलाके में आज सुबह एक रिहायशी इमारत की पार्किंग में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मौके पर रखे दो गैस सिलेंडर फट गए। साथ ही पार्किंग में खड़े चार वाहन भी आग में जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
दिल्ली के हरि नगर में रिहायशी इमारत की पार्किंग में भीषण आग
पार्किंग से उठीं आग की लपटें
दिल्ली अग्निशमन सेवा (Delhi Fire Service) के अनुसार, आग हरि नगर के फतेह नगर, जेल रोड स्थित एक रिहायशी इमारत की पार्किंग में लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दो सिलेंडरों में धमाका, चार वाहन जले
आग के दौरान पार्किंग में रखे दो गैस सिलेंडरों में तेज विस्फोट हो गया। इस हादसे में चार वाहन आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, समय रहते दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इमारत में आठ लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हाल के दिनों में दिल्ली में आग की कई घटनाएं
गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिल्ली में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले फतेहपुर बेरी के एक गोदाम और माजलिस पार्क स्थित एक मकान में भी भीषण आग लगी थी। दोनों घटनाओं में दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया था और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी।
