ओडिशा से बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में देर रात ड्यूटी के दौरान एक डॉक्टर पर कथित तौर पर मरीज के परिजन ने हमला कर दिया। इस हमले में डॉक्टर को सिर पर गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गए। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं स्वास्थ्यकर्मियों में इस घटना के बाद नाराजगी देखने को मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. सुदीप्त कुमार राउत सोमवार तड़के करीब 2 बजे अस्पताल में मरीजों का इलाज कर रहे थे। तभी बरगढ़ के वार्ड नंबर-14 निवासी विक्की सिंह अपने बच्चे को सीने में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने बच्चे की जांच की और दवाइयां लिखकर स्टाफ को इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद आरोपी ने डॉक्टर से अपना ब्लड प्रेशर चेक करने को कहा।
इंतजार करने को कहा तो भड़क गया आरोपी
डॉ. राउत के अनुसार, उन्होंने आरोपी से अन्य मरीजों का इलाज पूरा होने तक करीब 10 मिनट तक इंतजार करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात से विक्की सिंह नाराज हो गया और पास में रखा स्टूल उठाकर डॉक्टर के सिर पर हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर के सिर पर चोट लगने से काफी खून बहने लगा।
डॉक्टर को किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलने पर बरगढ़ CHC के मेडिकल ऑफिसर डॉ. शारदा प्रसाद नायक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि हमले के बाद डॉक्टर को लगातार खून बहने और उल्टी की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों में नाराजगी
घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
